बलौदाबाजार में फर्जी ट्रांसफर रैकेट का भंडाफोड़, भाजपा के 02 पदाधिकारी सहित 04 गिरफ्तार,
भाजपा जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी और जिला उपाध्यक्ष पुनीराम पटेल को पार्टी पदों से किया गया मुक्त
बलौदाबाजार (सुघर गांव)। 23 अगस्त 2026,
स्वास्थ्य विभाग में फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार कर उसका इस्तेमाल करने वाले कथित गिरोह का बलौदाबाजार-भाटापारा पुलिस ने पर्दाफाश किया है। थाना पलारी पुलिस ने मामले में ग्रामीण चिकित्सा सहायक समेत चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपियों में भाजपा के जिला महामंत्री कृष्णा उर्फ कृष्ण कुमार अवस्थी और जिला उपाध्यक्ष पुनीराम पटेल के नाम भी शामिल हैं। मामले के सामने आने के बाद राजनीतिक और प्रशासनिक हलकों में चर्चाएं तेज हो गई हैं।
फर्जी आदेश से हुआ मामले का खुलासा
मामला उस समय सामने आया जब सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी के खंड चिकित्सा अधिकारी (BMO) डॉ. पंकज वर्मा ने पुलिस में लिखित शिकायत दर्ज कराई। शिकायत के अनुसार प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहांसी में पदस्थ ग्रामीण चिकित्सा सहायक करण कुमार देवांगन ने CMHO कार्यालय बलौदाबाजार के नाम से जारी एक स्थानांतरण आदेश प्रस्तुत किया था।
आदेश क्रमांक एच.एम./ए.आर./2026-27/1359, दिनांक 14 अगस्त 2026 में करण देवांगन का तबादला प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोपर,विकासखंड भाटापारा में दर्शाया गया था। विभागीय सत्यापन में पता चला कि CMHO कार्यालय से ऐसा कोई आदेश जारी ही नहीं हुआ था। आदेश पर किए गए हस्ताक्षर भी जांच में जाली और कूटरचित पाए गए।
जांच में सामने आया कथित नेटवर्क
पुलिस के अनुसार फर्जी दस्तावेज को वास्तविक बताकर उसका लाभ लेने के आरोप में थाना पलारी में अपराध क्रमांक 347/2026 दर्ज किया गया। मामले में भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 318(4), 336(3), 337, 338, 340(2) एवं 3(5) के तहत अपराध पंजीबद्ध कर जांच शुरू की गई। पुलिस ने मुख्य आरोपी करण देवांगन को हिरासत में लेकर पूछताछ की। पूछताछ के दौरान सामने आए अन्य नामों के आधार पर पुलिस ने कार्रवाई आगे बढ़ाई और 22 अगस्त 2026 को कुल 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया।
गिरफ्तार आरोपी गण
1. करण कुमार देवांगन उम्र (44) वर्ष, ग्रामीण चिकित्सा सहायक, PHC नगर पंचायत - रोहांसी, थाना पलारी, जिला - बलौदाबाजार - भाटापारा (छ.ग.)।
2. किशना उर्फ कृष्ण कुमार अवस्थी उम्र (53) वर्ष, ग्राम रिसदा, बलौदाबाजार भाजपा जिला महामंत्री।
3. रवि कुमार सेन उम्र (43) वर्ष, ग्राम कटगी, थाना कसडोल,जिला - बलौदाबाजार - भाटापारा (छ.ग.)।
4. पुनीराम पटेल उम्र (51) वर्ष, ग्राम व पुलिस चौकी गिरौदपुरी थाना - गिधौरी, तहसील - टुंडरा, जिला - बलौदाबाजार - भाटापारा (छ.ग.) भाजपा जिला उपाध्यक्ष शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार सभी आरोपियों से मामले में पूछताछ की जा रही है और फर्जी दस्तावेज तैयार करने तथा उसके इस्तेमाल की भूमिका की जांच की जा रही है।
भाजपा ने दोनों पदाधिकारियों को किया पद मुक्त
मामले में भाजपा के दो पदाधिकारियों के नाम सामने आने के बाद पार्टी संगठन ने भी कार्रवाई की है।
21 अगस्त 2026 को भाजपा जिला बलौदाबाजार-भाटापारा के जिलाध्यक्ष आनंद यादव द्वारा जारी आदेश के अनुसार प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंहदेव एवं वरिष्ठ नेताओं की सहमति से जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी और जिला उपाध्यक्ष पुनीराम पटेल को पार्टी के दायित्वों से तत्काल प्रभाव से मुक्त कर दिया गया है। पार्टी की ओर से जारी आदेश की प्रतिलिपि भाजपा प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंहदेव और प्रदेश महामंत्री संगठन पवन साय को भी भेजी गई है।
पुराने मामलों की भी होगी जांच
पुलिस अब यह भी जांच कर रही है कि कथित गिरोह ने इससे पहले किसी अन्य सरकारी विभाग में फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार किए थे या नहीं। साथ ही फर्जी दस्तावेजों के जरिए किसी अन्य कर्मचारी से आर्थिक लेन-देन या उगाही की गई थी या नहीं, इसकी भी पड़ताल की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय के समक्ष प्रस्तुत करने की प्रक्रिया की जा रही है। मामले की आगे की जांच पुलिस द्वारा जारी है।
0 Comments