प्रमोद कुमार बंजारे संभाग ब्यूरो चीफ
कोरबा ( सुघर गांव )। जिला मुख्यालय के रामपुर स्थित लाइवलीवुड कॉलेज में आज 'विश्व जल दिवस' और 'जल उत्सव पखवाड़ा' के अवसर पर एक विशेष गरिमामयी सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। इस कार्यक्रम में जल संरक्षण और ग्रामीण क्षेत्रों में शुद्ध पेयजल की उपलब्धता सुनिश्चित करने वाले जमीनी स्तर के 'जल योद्धाओं' को उनकी उत्कृष्ट सेवाओं के लिए सम्मानित किया गया। इस कार्यक्रम के मुख्य अतिथि जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह रहे। विशिष्ट अतिथियों में पूर्व भाजपा अध्यक्ष पवन गर्ग, जिला पंचायत सीईओ दिनेश कुमार नाग, कार्यपालन अभियंता रमन कुमार उरांव, सहायक अभियंता कोरबा सत्यनारायण कंवर, सहायक अभियंता कटघोरा श्री डी. आर. बंजारे, उप अभियंता वीरेंद्र सिंह सहित परियोजना समन्वयक और विभाग के अन्य वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित थे। इस समारोह के दौरान पंचायत स्तर पर जल जीवन मिशन को सफल बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाने वाले विभिन्न वर्गों को मंच पर सम्मानित किया गया जैसे सरपंच - ग्रामीण क्षेत्रों में योजनाओं के बेहतर क्रियान्वयन के लिए। महिला जांचकर्ता - जल की शुद्धता और गुणवत्ता परीक्षण करने वाली जांबाज महिलाएं। नल जल मित्र - तकनीकी रखरखाव और जलापूर्ति सुनिश्चित करने वाले युवा। स्व सहायता समूह एवं समितियां - ग्राम जल स्वच्छता समिति के वे सदस्य जिन्होंने सामुदायिक भागीदारी की मिसाल पेश की। मुख्य अतिथि का संबोधन जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ. पवन सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि "जल ही जीवन है और इसे बचाना हम सबकी सामूहिक जिम्मेदारी है। जल जीवन मिशन के माध्यम से हम हर घर तक शुद्ध जल पहुँचाने के संकल्प को पूरा कर रहे हैं।" उन्होंने सम्मानित होने वाले सभी प्रतिभागियों को बधाई देते हुए कहा कि उनकी मेहनत से ही आज जिले के दूरस्थ अंचलों में पेयजल व्यवस्था सुदृढ़ हुई है। उन्होंने उपस्थित लोगों को भविष्य में भी जल जागरूकता फैलाने के लिए प्रेरित किया। कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य समाज में जल संरक्षण के प्रति चेतना जगाना था। अधिकारियों ने बताया कि 'जल उत्सव पखवाड़ा' के माध्यम से जिले भर में लोगों को पानी की बर्बादी रोकने और वर्षा जल संचयन के प्रति जागरूक किया जा रहा है। समारोह के अंत में सभी विजेताओं को प्रमाण पत्र प्रदान कर उनकी हौसला अफजाई की गई।
0 Comments