12वीं हिन्दी पेपर रद्द पेपर लीक विवाद के बाद मण्डल का बड़ा फैसला,जांच के बाद कार्रवाई,10 अप्रैल को होगी दोबारा परीक्षा
रायपुर (सुघर गांव)। 24 मार्च 2026, छत्तीसगढ़ माध्यमिक शिक्षा मण्डल ने कक्षा 12 वीं हिन्दी विषय की 14 मार्च 2026 को आयोजित परीक्षा को निरस्त कर दिया है। पेपर लीक के आरोपों की पुष्टि के बाद यह बड़ा निर्णय लिया गया,जिससे प्रदेशभर के विद्यार्थियों में हलचल मच गई है।
पेपर लीक का मामला बना वजह
15 और 16 मार्च को सोशल मीडिया और समाचार पत्रों में हिन्दी विषय के सेट ‘बी’ के प्रश्नपत्र के लीक होने के दावे सामने आए। इन खबरों ने परीक्षा की निष्पक्षता पर सवाल खड़े कर दिए, जिसके बाद मण्डल ने मामले को गंभीरता से लिया।
पुलिस और साइबर टीम की जांच शुरू
मामले की सच्चाई जानने के लिए साइबर थाने में लिखित शिकायत दर्ज कराई गई और सिटी कोतवाली में एफआईआर भी दर्ज की गई। जांच एजेंसियां पूरे नेटवर्क और लीक के स्रोत तक पहुंचने में जुट गई हैं।
परीक्षा समिति का सख्त निर्णय
23 मार्च को हुई परीक्षा समिति की बैठक में सभी पहलुओं पर चर्चा के बाद हिन्दी की परीक्षा को निरस्त करने का निर्णय लिया गया। मण्डल ने साफ किया कि किसी भी कीमत पर परीक्षा की पारदर्शिता से समझौता नहीं किया जाएगा।
अब 10 अप्रैल को दोबारा परीक्षा
मण्डल ने नई तारीख घोषित करते हुए बताया कि हिन्दी विषय की पुनः परीक्षा 10 अप्रैल 2026 को आयोजित होगी। छात्रों से अपील की गई है कि वे घबराएं नहीं, बल्कि नई तैयारी के साथ परीक्षा में शामिल हों।
0 Comments