जिला स्तरीय कार्यक्रम में उत्कृष्ट महिलाओं और बाल विवाह मुक्त पंचायतों को मिला सम्मान
विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो
कोरबा (सुघर गांव)। 09 2026, अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर नगर के राजीव गांधी ऑडिटोरियम में जिला स्तरीय महतारी वंदन सम्मेलन का आयोजन उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ। कार्यक्रम में विभिन्न क्षेत्रों में उल्लेखनीय कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित किया गया तथा बाल विवाह मुक्त पंचायतों को प्रमाण पत्र प्रदान किए गए।
महिलाओं की भागीदारी से मजबूत होगा राष्ट्र
उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन ने अपने संबोधन में कहा कि आज महिलाएं शिक्षा, स्वास्थ्य, प्रशासन और राजनीति सहित हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा का लोहा मनवा रही हैं। उन्होंने कहा कि महतारी वंदन योजना के माध्यम से प्रदेश की लाखों महिलाओं को आर्थिक सहायता मिल रही है, जिससे वे आत्मनिर्भर बन रही हैं और समाज में उनकी भागीदारी लगातार बढ़ रही है।
बाल विवाह मुक्त समाज के लिए जागरूकता जरूरी
कलेक्टर कुणाल दुदावत ने कहा कि बाल विवाह जैसी कुप्रथा को समाप्त करने के लिए समाज और प्रशासन को मिलकर प्रयास करना होगा। उन्होंने बताया कि जिले के 297 ग्राम पंचायतों और 3 नगरीय निकायों को बाल विवाह मुक्त घोषित किया गया है।
योजनाओं से महिलाओं को मिल रहा नया आत्मविश्वास
महापौर संजू देवी राजपूत ने कहा कि सरकार की विभिन्न योजनाएं महिलाओं को आत्मनिर्भर बनाने और समाज में उनकी भूमिका को मजबूत करने का कार्य कर रही हैं।
नारी सम्मान हमारी संस्कृति की पहचान
नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर ने कहा कि भारतीय संस्कृति में नारी को शक्ति और सृजन का प्रतीक माना गया है और समाज में उनका सम्मान सर्वोपरि है।
अधिक संख्या में जनप्रतिनिधि व अधिकारी रहे मौजूद
कार्यक्रम में महापौर संजू देवी राजपूत, नगर निगम सभापति नूतन सिंह ठाकुर, कलेक्टर कुणाल दुदावत, विशेष कर्तव्यस्थ अधिकारी तरुण कुमार किरण, सीईओ जिला पंचायत दिनेश नाग, जिला कार्यक्रम अधिकारी बसंत मिंज सहित अन्य जनप्रतिनिधि, विभागीय अधिकारी-कर्मचारी और अधिक संख्या में महिलाएं उपस्थित रहीं।
0 Comments