अनियंत्रित ट्रेलर घर में घुसा, बर्तन धो रही महिला की दर्दनाक मौत; प्रशासन ने दी तात्कालिक सहायता।


प्रमोद कुमार बंजारे संभाग ब्यूरो चीफ

पाली/हरदीबाजार ( सुघर गांव ) कोरबा जिले के पाली ब्लॉक अंतर्गत हरदीबाजार थाना क्षेत्र के ग्राम मुड़ापार में शनिवार दोपहर एक रोंगटे खड़े कर देने वाला हादसा हुआ।दीपका-बलौदा मुख्य मार्ग पर तेज रफ्तार का कहर इस कदर टूटा कि एक अनियंत्रित ट्रेलर सड़क किनारे नाली को फांदते हुए सीधे एक ग्रामीण के घर में जा घुसा। इस हादसे में आंगन में बर्तन धो रही 26 वर्षीय महिला शशि सूर्यवंशी की मौके पर ही दबने से मौत हो गई।

घटना का विवरण

जानकारी के अनुसार, शनिवार 14 फरवरी 2026 को दोपहर लगभग 3:00 बजे बलौदा की ओर से आ रहा एक भारी ट्रेलर क्रमांक CG10BP5301 अनियंत्रित हो गया। वाहन की रफ्तार इतनी तेज थी कि वह सड़क छोड़कर भोला सूर्यवंशी के घर की दीवार तोड़ते हुए भीतर घुस गया। हादसे के वक्त शशि सूर्यवंशी (पति गजपाल सूर्यवंशी)घर में काम कर रही थीं, जो भारी वाहन की चपेट में आ गईं।
प्रशासन की प्रतिक्रिया और मुआवजा

घटना के बाद ग्रामीणों में व्याप्त भारी आक्रोश को देखते हुए स्थानीय प्रशासन और पुलिस की टीम तत्काल मौके पर पहुँची। तनावपूर्ण स्थिति को संभालते हुए प्रशासन ने पीड़ित परिवार के लिए मुआवजे की घोषणा की है:
तात्कालिक सहायता: मौके पर पहुँचे तहसीलदार द्वारा शासन की ओर से पीड़ित परिवार को 15,000 रुपये की तात्कालिक सहायता राशि प्रदान की गई।

मुआवजा घोषणा 

स्थानीय प्रशासन ने मृतिका के परिजनों को 2 लाख रुपये का कुल मुआवजा दिलाने की प्रक्रिया शुरू कर दी है, ताकि पीड़ित परिवार को आर्थिक संबल मिल सके।
पुलिस कार्रवाई

हरदीबाजार पुलिस ने शव को मर्चुरी भेज दिया है और ट्रेलर को अपने कब्जे में कर लिया गया है। पुलिस ने आरोपी चालक के खिलाफ लापरवाही पूर्वक वाहन चलाने का मामला दर्ज कर वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है। ग्रामीणों ने इस मार्ग पर भारी वाहनों की गति सीमा निर्धारित करने और सुरक्षा के कड़े इंतजाम करने की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments