दीपों की रोशनी और शिव भक्ति से सराबोर हुई ऐतिहासिक नगरी पाली, 'पाली महोत्सव 2026' का भव्य आगाज।


प्रमोद कुमार बंजारे संभाग ब्यूरो चीफ 

कोरबा ( सुघर गांव ) 15 फरवरी 2026 ऐतिहासिक नगरी पाली में महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर 'पाली महोत्सव 2026' का अत्यंत गरिमामय और भव्य शुभारंभ हुआ। भक्ति और संस्कृति के इस अनूठे संगम का आगाज छत्तीसगढ़ शासन के उद्योग मंत्री लखनलाल देवांगन के मुख्य आतिथ्य में संपन्न हुआ।

शिव आरती और दीपोत्सव ने बांधा समां

महोत्सव की शुरुआत शाम करीब 7 बजे पाली शिव मंदिर घाट पर भव्य शिव आरती के साथ हुई। हजारों की संख्या में उमड़े श्रद्धालुओं की उपस्थिति में पूरा वातावरण 'हर-हर महादेव' के जयघोष से गूंज उठा। मंदिर परिसर और सरोवर के चारों ओर हजारों दीपों की जगमगाहट ने एक अलौकिक दृश्य उपस्थित किया। गंगा आरती और धूप आरती के विशेष अनुष्ठान ने श्रद्धालुओं को भक्ति के रस में सराबोर कर दिया। आतिशबाजी से रोशन हुआ आसमान दीपोत्सव के साथ ही आकाश में हुई भव्य आतिशबाजी ने उत्सव की रौनक को दोगुना कर दिया। इस अवसर पर मुख्य अतिथि लखनलाल देवांगन ने ऐतिहासिक शिव मंदिर में विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख, समृद्धि और खुशहाली की कामना की।

गरिमामय उपस्थिति 

कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि के रूप में कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, पाली-तानाखार विधायक तुलेश्वर हीरा सिंह मरकाम, महापौर श्रीमती संजू देवी राजपूत, जिला पंचायत उपाध्यक्ष श्रीमती निकिता मुकेश जायसवाल, नगर पंचायत अध्यक्ष अजय जायसवाल और ग्राम पंचायत केराझरिया की सरपंच श्रीमती गिरजा सत्यनारायण पैंकरा सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। प्रशासनिक स्तर पर कलेक्टर कुणाल दुदावत और पुलिस अधीक्षक सिद्धार्थ तिवारी ने व्यवस्थाओं का जायजा लेते हुए कार्यक्रम को सफल बनाया। पाली महोत्सव न केवल धार्मिक आस्था का केंद्र बना है, बल्कि यह क्षेत्र की समृद्ध सांस्कृतिक विरासत को भी प्रदर्शित कर रहा है। आने वाले दिनों में यहाँ विभिन्न सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी जाएगी।

Post a Comment

0 Comments