जनप्रतिनिधियों की उपस्थिति में किसानों को योजनाओं की जानकारी, मौके पर आवेदन
विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो
कोरबा (सुघर गांव)। 17 फरवरी 2026, जिले के पाली ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत उतरदा के लोटनापारा स्थित मातेश्वरी चौक में कृषि चौपाल शिविर का आयोजन ग्राम पंचायत उतरदा की सरपंच लक्ष्मीन बाई, प्रतिनिधि सुंदर सिंह मरावी, गीता नेटी, रघुनंदन कंवर, फिरतुराम पटेल, संतोष चौहान एवं नीला खुसेंगा की गरिमामयी उपस्थिति में सफलतापूर्वक संपन्न हुआ। शिविर का उद्देश्य किसानों को शासन की विभिन्न कृषि योजनाओं से जोड़कर उन्हें आर्थिक एवं तकनीकी रूप से सशक्त बनाना रहा। शिविर में बड़ी संख्या में किसानों ने भाग लेकर योजनाओं की जानकारी प्राप्त की तथा मौके पर ही आवेदन प्रक्रिया पूर्ण कराई।
मुख्य अतिथियों ने किसानों को योजनाओं से जुड़ने किया प्रेरित
कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों ने किसानों को शासन की योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ लेने, आधुनिक तकनीकों को अपनाने और वैज्ञानिक खेती को बढ़ावा देने का संदेश दिया। उन्होंने कृषि विभाग की इस पहल को किसानों के हित में महत्वपूर्ण बताया।
योजनाओं की जानकारी से किसानों में बढ़ा आत्मविश्वास
शिविर में प्रधानमंत्री धन-धान्य कृषि योजना के माध्यम से उत्पादन वृद्धि एवं किसानों की आय बढ़ाने के उपायों की जानकारी दी गई। वहीं पीएम किसान सम्मान निधि योजना के पात्रता नियम, पंजीयन प्रक्रिया एवं लाभों पर विस्तार से मार्गदर्शन प्रदान किया गया।
मौके पर बने फार्मर आईडी और किसान क्रेडिट कार्ड
शिविर में कई किसानों का फार्मर आईडी निर्माण किया गया तथा किसान क्रेडिट कार्ड (केसीसी) बनाने के लिए आवेदन लिए गए, जिससे किसानों को कृषि कार्यों हेतु आर्थिक सहायता उपलब्ध हो सकेगी।
सिंचाई और आधुनिक कृषि तकनीकों पर दिया गया विशेष जोर
प्रधानमंत्री कृषि सिंचाई योजना के तहत जल संरक्षण, सूक्ष्म सिंचाई एवं अनुदान संबंधी जानकारी दी गई। साथ ही कृषि यांत्रिकीकरण योजना के अंतर्गत आधुनिक उपकरणों एवं मशीनों के उपयोग से खेती को लाभकारी बनाने पर जोर दिया गया।
सामाजिक सुरक्षा और पोषण योजनाओं पर जागरूकता
किसान समृद्धि योजना, शाकंभरी योजना एवं किसान मानधन योजना के माध्यम से किसानों को सामाजिक सुरक्षा, पोषण सहायता एवं पेंशन लाभों की जानकारी दी गई।
आगामी खेती सीजन की तैयारियों पर मिला मार्गदर्शन
कृषि विशेषज्ञों ने किसानों को उन्नत किस्म के बीज, खाद उठाव प्रक्रिया एवं वैज्ञानिक खेती पद्धतियों के बारे में जानकारी देकर उत्पादन बढ़ाने के सुझाव दिए। शिविर में पहुंचे किसानों ने इसे उपयोगी पहल बताते हुए शासन एवं कृषि विभाग के प्रति आभार व्यक्त किया तथा भविष्य में ऐसे शिविरों के आयोजन की मांग भी की।
0 Comments