विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो
कोरबा (सुघर गांव)। 22 फरवरी 2026,
लोकतांत्रिक प्रक्रिया को और सशक्त बनाते हुए कोरबा जिले में विशेष गहन पुनरीक्षण के बाद फोटोयुक्त निर्वाचक नामावली का अंतिम प्रकाशन कर दिया गया। भारत निर्वाचन आयोग के दिशा - निर्देशों के तहत 1 जनवरी 2026 को अर्हता तिथि मानते हुए यह पूरी प्रक्रिया संपन्न हुई। कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में आयोजित बैठक में मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के प्रतिनिधियों को मतदाता सूची की प्रतियाँ सौंपी गईं।
8.18 लाख मतदाता,लिंगानुपात 998
जिले में अब कुल 8,18,010 मतदाता पंजीकृत हैं। इनमें 4,09,333 पुरुष, 4,08,664 महिलाएँ और 13 तृतीय लिंग मतदाता शामिल हैं। जिले का लिंगानुपात 998 दर्ज किया गया है, जो महिला मतदाताओं की बढ़ती सहभागिता और संतुलित लोकतांत्रिक भागीदारी का संकेत है।
विधानसभा क्षेत्रवार स्थिति
विधानसभा क्षेत्रों के अनुसार मतदाताओं की संख्या इस प्रकार है – पालीतानाखार – 2,19,510, रामपुर – 2,07,076, कोरबा – 1,95,781, कटघोरा – 1,95,643 पालीतानाखार विधानसभा क्षेत्र में सर्वाधिक मतदाता दर्ज किए गए हैं।
132 नए मतदान केंद्र जोड़े गए
मतदाताओं की सुविधा को ध्यान में रखते हुए जिले में मतदान केंद्रों का युक्तियुक्तकरण किया गया है। पहले 1,081 मतदान केंद्र थे, जिनमें 132 नए केंद्र जोड़कर अब कुल 1,211 मतदान केंद्र कर दिए गए हैं। इससे दूरस्थ क्षेत्रों के मतदाताओं को अपने मताधिकार का उपयोग करने में अधिक सुविधा मिलेगी।
पारदर्शी और त्रुटिरहित प्रक्रिया
विशेष गहन पुनरीक्षण के दौरान 40,882 सी-श्रेणी प्रकरणों और 2,46,684 तार्किक विसंगतियों की जाँच कर आवश्यक सुधार किए गए। मृत्यु, स्थानांतरण और दीर्घकालिक अनुपस्थिति के कारण 1,33,741 नामों का निराकरण किया गया, ताकि मतदाता सूची शुद्ध, पारदर्शी और विश्वसनीय बनी रहे।
19,197 दावे-आपत्तियों का समाधान
23 दिसंबर 2025 से 22 जनवरी 2026 तक चली दावा-आपत्ति अवधि में कुल 19,197 आवेदन प्राप्त हुए। नाम जोड़ने के 14,091 आवेदन में से 13,445 स्वीकृत, विलोपन के 315 प्रकरणों का निपटारा, संशोधन के 4,187 मामलों का समाधान, हर आवेदन पर नियमानुसार सुनवाई कर निर्णय लिया गया।
‘स्वीप’ से जागरूकता,घर-घर पहुँचे BLO
बूथ लेवल अधिकारियों (BLO) ने घर-घर जाकर गणना पत्रक संकलित किए। ‘स्वीप’ कार्यक्रम के तहत मतदाता जागरूकता अभियान चलाया गया। जिला एवं तहसील स्तर पर हेल्प डेस्क और कॉल सेंटर स्थापित कर मतदाताओं की समस्याओं का त्वरित समाधान किया गया।
बैठक में उपस्थित अधिकारी
बैठक में कलेक्टर एवं जिला निर्वाचन अधिकारी कुणाल दुदावत की अध्यक्षता में कार्यक्रम संपन्न हुआ। इस अवसर पर अपर कलेक्टर देवेंद्र पटेल,उप जिला निर्वाचन अधिकारी श्रीमती माधुरी सोम,निर्वाचक रजिस्ट्रीकरण अधिकारी सरोज महिलांगे, मनोज कुमार बंजारे और सूर्यकांत केशकर उपस्थित रहे। साथ ही मान्यता प्राप्त राजनीतिक दलों के पदाधिकारी एवं उनके बूथ लेवल एजेंट भी मौजूद रहे। कलेक्टर ने कहा कि अंतिम प्रकाशन के साथ ही कोरबा जिला आगामी सभी निर्वाचन प्रक्रियाओं के लिए पूरी तरह तैयार है।
0 Comments