सूत सारथी समाज की जिला स्तरीय महाबैठक 21 फरवरी को, संगठन सुदृढ़ीकरण पर होगा मंथन

सूत सारथी समाज की जिला स्तरीय महाबैठक 21 फरवरी को, संगठन सुदृढ़ीकरण पर होगा मंथन 
 जाति प्रमाण पत्र, संगठन विस्तार और सामाजिक अनुशासन पर होंगे अहम निर्णय 
    विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो 
कोरबा (सुघर गांव)। 20 फरवरी 2026, युवा सूत सारथी समाज जिला कोरबा के तत्वावधान में दिनांक 21 फरवरी 2026, शनिवार को सामुदायिक भवन डिंगापुर/रामपुर (ओम फ्लैट्स के सामने), जिला कोरबा में स्वजातीय जिला स्तरीय बैठक आयोजित की जा रही है। इस महत्वपूर्ण बैठक में युवा साथियों, वरिष्ठजनों एवं महिला प्रतिनिधियों की गरिमामयी उपस्थिति प्रार्थनीय है।बैठक का उद्देश्य केवल संवाद नहीं, बल्कि संगठन को नई दिशा देने का संकल्प है। समाज की एकजुटता, पारदर्शिता और अनुशासन को केंद्र में रखकर विभिन्न ज्वलंत विषयों पर गंभीर विचार-विमर्श किया जाएगा।
 *बैठक के प्रमुख एजेंडा बिंदु* जाति प्रमाण पत्र से संबंधित विषयों पर विस्तृत चर्चा एवं आवश्यक मार्गदर्शन। समाज में व्याप्त आपसी मनमुटाव को समाप्त कर एकता एवं सौहार्द को सुदृढ़ करने की पहल। सामाजिक कार्यक्रमों हेतु नियमावली निर्धारण एवं पालन सुनिश्चित करने पर विचार। युवा जिला अध्यक्ष एवं नई कार्यकारिणी गठन पर मंथन l पदाधिकारियों के लिए कोरबा जिला का मूल निवासी होना अनिवार्य किए जाने पर चर्चा। जिला अध्यक्ष एवं महिला जिला अध्यक्ष के निर्वाचन प्रक्रिया पर विचार। किसी भी प्रकार के नशा-पान पर पूर्ण प्रतिबंध तथा उल्लंघन की स्थिति में सामाजिक दंड प्रावधान तय करना। आयोजन की जिम्मेदारी सूत सारथी समाज जिला कोरबा एवं आयोजक युवा सारथी समाज जिला कोरबा द्वारा संयुक्त रूप से निभाई जा रही है। समाज के समग्र विकास, अनुशासन और नेतृत्व निर्माण की दिशा में यह बैठक मील का पत्थर साबित हो सकती है। सभी समाजबंधुओं से समय पर उपस्थित होकर संगठन को सशक्त बनाने का आग्रह किया गया है।

Post a Comment

0 Comments