ग्राम पंचायत बतारी से युवा,किसान और विकास के समर्थन में सशक्त संदेश
विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो
कोरबा (सुघर गांव)। 27 फरवरी 2026, जिले के कटघोरा ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत बतारी के सरपंच एवं कटघोरा ब्लॉक सरपंच संघ के अध्यक्ष राजू लाल श्रोते ने वर्ष 2026-27 के राज्य बजट का स्वागत करते हुए इसे “युवा, किसान,महिला और रोजगार सभी वर्गों के लिए समर्पित ऐतिहासिक बजट” बताया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के नेतृत्व में तथा राज्य के वित्त मंत्री द्वारा प्रस्तुत यह बजट विकसित छत्तीसगढ़ की ठोस आधारशिला रखता है। यह केवल आंकड़ों का दस्तावेज नहीं, बल्कि आने वाली पीढ़ी के लिए स्पष्ट विज़न और रोडमैप है।
स्टार्टअप, स्वरोजगार और कौशल विकास को बढ़ावा
राजू लाल श्रोते ने कहा कि स्टार्टअप नीति, स्वरोजगार योजनाएं,सब्सिडी, बिना ब्याज ऋण और तकनीकी मार्गदर्शन जैसे प्रावधान युवाओं को आत्मनिर्भर बनाएंगे। इससे युवा नौकरी खोजने वाले नहीं, बल्कि रोजगार देने वाले बनेंगे। कौशल विकास और तकनीकी प्रशिक्षण पर विशेष जोर ग्रामीण युवाओं को गांव में ही अवसर उपलब्ध कराएगा, जिससे स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।
खेल प्रतिभाओं के लिए नई संभावनाएं
बजट में खेल अधोसंरचना के विस्तार और जिला स्तर पर खेल अकादमियों की घोषणा को सराहनीय बताते हुए उन्होंने कहा कि इससे ग्रामीण और दूरस्थ क्षेत्रों के खिलाड़ियों को राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय मंच तक पहुंचने का अवसर मिलेगा।
पांच मुख्यमंत्री मिशन
आधुनिक विकास का खाका बजट में घोषित पांच प्रमुख मिशन - AI मिशन, खेल उत्कर्ष मिशन,पर्यटन विकास मिशन, अधोसंरचना मिशन स्टार्टअप - NIPUN मिशन को उन्होंने युवाओं और प्रदेश के भविष्य से सीधा जुड़ा बताया। उनका कहना है कि AI और स्टार्टअप-NIPUN मिशन युवाओं को आधुनिक तकनीक और उद्यमिता से जोड़ेंगे,जबकि पर्यटन और अधोसंरचना मिशन निवेश और रोजगार के नए द्वार खोलेंगे।
देव कुमार यादव (रोजगार सहायक बतारी)
युवाओं के लिए नए अवसर ग्राम रोजगार सहायक देव कुमार यादव ने कहा कि यह बजट शिक्षा, कौशल और रोजगार सृजन को नई दिशा देता है। स्वरोजगार योजनाएं और प्रशिक्षण कार्यक्रम ग्रामीण युवाओं को सशक्त बनाएंगे। उन्होंने कहा कि सरकार की यह पहल गांवों को आर्थिक रूप से मजबूत बनाने और युवाओं को आत्मनिर्भर बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
शिव जनार्दन (सचिव बतारी)
महिला सशक्तिकरण और किसान हित ग्राम सचिव शिव जनार्दन ने कहा कि महिलाओं के सशक्तिकरण,स्व-सहायता समूहों को प्रोत्साहन और किसानों के हित में किए गए प्रावधान सराहनीय हैं। इससे ग्रामीण परिवारों की आय में वृद्धि होगी और सामाजिक समृद्धि को बल मिलेगा।
विकसित भारत के संकल्प की ओर मजबूत कदम
पंचायत प्रतिनिधियों ने कहा कि यह बजट प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के “विकसित भारत” के संकल्प को साकार करने की दिशा में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अंत में उन्होंने विश्वास जताया कि यह बजट छत्तीसगढ़ को नई दिशा, नई ऊर्जा और नई गति प्रदान करते हुए विकास की दौड़ में अग्रणी राज्यों की श्रेणी में स्थापित करेगा।
0 Comments