जिला पंचायत कोरबा की सामान्य सभा में प्रशासन को अल्टीमेटम,अधूरे कार्यों और योजनाओं की सुस्ती पर जनप्रतिनिधियों का कड़ा रुख
विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो
कोरबा (सुघर गांव)। 28 जनवरी 2026, जिला पंचायत कोरबा की सामान्य सभा की बैठक बुधवार को सख्त तेवरों और तीखी बहस के बीच संपन्न हुई। विकास कार्यों में हो रही देरी और जनहित योजनाओं के अपेक्षित लाभ आम जनता तक न पहुंच पाने को लेकर जनप्रतिनिधियों ने प्रशासन को स्पष्ट अल्टीमेटम देते हुए जवाबदेही तय करने की मांग की। बैठक की अध्यक्षता जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ.पवन कुमार सिंह ने की। बैठक में मुख्य कार्यपालन अधिकारी दिनेश कुमार नाग सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी उपस्थित रहे। सदन में उठे मुद्दों ने साफ कर दिया कि अब कागजी प्रगति नहीं, जमीन पर काम देखा जाएगा।
पोषण योजना और निर्माण कार्यों पर तीखी समीक्षा महिला एवं बाल विकास विभाग की पोषण आहार एवं रेडी-टू-ईट योजना की समीक्षा के दौरान वितरण व्यवस्था और निगरानी तंत्र पर सवाल उठे। ग्रामीण यांत्रिकी सेवा के तहत किए गए निर्माण कार्यों में गुणवत्ता,भुगतान और समय सीमा को लेकर गंभीर आपत्तियां सामने आईं।
प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना बनी चर्चा का केंद्र प्रधानमंत्री ग्राम सड़क योजना के अंतर्गत कई सड़कों के अब तक प्रारंभ न होने और अधूरे पड़े कार्यों को लेकर सदन में कड़ी नाराजगी जताई गई। जनप्रतिनिधियों ने कहा कि खस्ताहाल सड़कों से ग्रामीणों का रोजमर्रा का जीवन प्रभावित हो रहा है, ऐसे में लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
राशन वितरण और खनिज मद पर भी सख्ती
खाद्य विभाग की सार्वजनिक वितरण प्रणाली में पारदर्शिता सुनिश्चित करने की मांग की गई। वहीं गौण खनिज मद के तहत ग्राम पंचायतों को जारी राशि और लंबित भुगतानों को शीघ्र निपटाने के निर्देश दिए गए।
अधिकारियों से मांगी गई स्पष्ट कार्ययोजना
बैठक में अधिकारियों को निर्देशित किया गया कि वे अपने-अपने विभागों की स्पष्ट कार्ययोजना और समयसीमा तय करें तथा आगामी बैठक में प्रगति रिपोर्ट के साथ उपस्थित हों।
अध्यक्ष का दो टूक संदेश
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ.पवन कुमार सिंह ने कहा कि ग्रामीण क्षेत्रों की सड़कें,संपर्क मार्ग और मूलभूत सुविधाएं प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता हैं। उन्होंने साफ कहा कि विकास कार्यों में लापरवाही पाए जाने पर जिम्मेदारों पर कार्रवाई की जाएगी।
बैठक में रहे प्रमुख जनप्रतिनिधि
बैठक में जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता जयसवाल, सदस्य रेनुका राठिया, सुष्मिता अनंत, सुषमा रजक, माया कंवर, विद्वान सिंह मरकाम, विनोद कुमार यादव, कौशल सिंह नेटी, रज्जाक अली सहित अन्य जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। इसके अलावा उप संचालक पंचायत मिथलेश किसान, सहायक परियोजना अधिकारी मोहनीश देवांगन एवं विभिन्न विभागों के अधिकारी भी बैठक में मौजूद रहे।
0 Comments