“रातों-रात धान माफ़ियाओं पर करारी कार्रवाई – 190 कट्टी धान ज़ब्त, गोदाम सील”

“रातों-रात धान माफ़ियाओं पर करारी कार्रवाई – 190 कट्टी धान ज़ब्त, गोदाम सील”
      विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो
कोरबा (सुघर गाँव)। 09 दिसंबर 2025, जिले में धान खरीदी सीज़न की शुरुआत के साथ ही अवैध धान तस्करी के प्रयास तेज़ होने लगे थे, लेकिन इस बार प्रशासन पूरी तरह चौकन्ना है। कलेक्टर अजीत वसंत के कड़े निर्देशों और सतत निगरानी की बदौलत धान माफ़ियाओं के मंसूबे लगातार नाकाम हो रहे हैं। इन्हीं निर्देशों के तहत पाली अनुविभाग में एसडीएम रोहित सिंह के नेतृत्व में गठित विशेष निगरानी टीमों ने सोमवार देर शाम एक बड़ी सफलता हासिल की।
      अचानक छापेमारी से बड़ा खुलासा 
तहसील हरदीबाजार के ग्राम नुनेरा में अवैध धान परिवहन की सूचना मिलते ही प्रशासनिक टीम तुरंत सक्रिय हुई। रात लगभग 8:30 बजे की गई इस आकस्मिक छापेमारी में अधिकारियों ने मौके पर ही बड़ी मात्रा में धान ज़ब्त किया।
            छापे में क्या मिला
 एक पिकअप वाहन में 70 कट्टी धान परिवहन के लिए लोड पाया गया। मनोज किराना स्टोर, नुनेरा के गोदाम में 120 कट्टी धान अवैध रूप से संग्रहित मिला।
 *कुल जप्ती: 190 कट्टी धान (लगभग 82 क्विंटल)* 
प्रशासन ने बिना देरी किए पूरा गोदाम सील कर दिया तथा धान को जांच हेतु सुपुर्द कर दिया।
    प्रशासन की तत्परता—एक मिसाल
 इस पूरे अभियान में प्रशासनिक अधिकारियों की कार्यकुशलता और तेज़ प्रतिक्रिया साफ दिखाई दी। शिकायत मिलते ही तत्काल मौके पर पहुँचना, कार्रवाई को पूर्ण पारदर्शिता के साथ अंजाम देना,और कानून के अनुसार कठोर कदम उठाना यह दर्शाता है कि जिले का प्रशासन किसानों के हितों को सर्वोपरि रखते हुए पूरी मजबूती से कार्य कर रहा है। कलेक्टर अजीत वसंत तथा एसडीएम रोहित सिंह की सक्रियता ने न केवल धान माफ़ियाओं को चेतावनी दी है बल्कि ग्रामीणों और किसानों में भी भरोसा मजबूत किया है कि प्रशासन उनके पक्ष में खड़ा है।
         प्रशासन का स्पष्ट संदेश
अधिकारियों ने साफ कहा है कि— धान खरीदी अवधि के दौरान अवैध परिवहन, भंडारण या तस्करी में शामिल किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा। किसानों की मेहनत पर डाका डालने की कोशिश करने वालों के खिलाफ लगातार और कठोर कार्रवाई जारी रहेगी।

Post a Comment

0 Comments