अदानी पावर प्लांट पताढ़ी के शैक्षणिक भ्रमण ने बढ़ाया वैज्ञानिक दृष्टिकोण और दिया सफलता का संकल्प
विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो
कोरबा (सुघर गांव)। 09 दिसंबर 2025, जिले अंतर्गत में स्थित अदानी फाउंडेशन के ‘उड़ान’ कार्यक्रम के अंतर्गत स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय उतरदा के 51 छात्र - छात्राओं ने अदानी पावर प्लांट,पताढ़ी का शैक्षणिक भ्रमण किया। यह भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत रोमांचक और ज्ञानवर्धक सिद्ध हुआ। भ्रमण के दौरान मार्गदर्शक प्रेम साहू ने विद्यार्थियों को अदानी ग्रुप के संस्थापक गौतम अडानी के संघर्षपूर्ण जीवन और उनकी सफलताओं की प्रेरक कहानी सुनाई, जिससे छात्र-छात्राओं में नई ऊर्जा और अपने लक्ष्यों को प्राप्त करने का संकल्प जागृत हुआ।
विद्युत उत्पादन की पूरी प्रक्रिया का प्रत्यक्ष अवलोकन
विद्यार्थियों ने थर्मल पावर प्लांट में विद्युत उत्पादन की चरणबद्ध प्रणाली को नजदीक से समझा।
उन्होंने जाना कि - वर्तमान में प्लांट में 660 मेगावाट बिजली उत्पादन हो रहा है तथा दूसरे फेज में इसे 1320 मेगावाट तक विस्तार किया जा रहा है। कोयला गेवरा प्रोजेक्ट,कुसमुंडा और तमनार से ट्रेलर व ट्रेन के माध्यम से प्लांट तक पहुंचाया जाता है।कोल यार्ड, स्टेकर मशीन, कन्वेयर बेल्ट, CHपी, प्रेशर हाउस और कोल मिल जैसी अनेक तकनीकी प्रक्रियाओं से गुजरकर कोयला पाउडर रूप में बॉयलर तक पहुंचता है। हसदेव नदी से लाई गई पानी की आपूर्ति विभिन्न प्रोसेसिंग के बाद बॉयलर में भेजी जाती है, जहां भाप बन कर टरबाइन को घुमाती है और विद्युत उत्पादन होता है। तैयार बिजली स्टेप-अप ट्रांसफॉर्मर और पावर ग्रिड के माध्यम से विभिन्न सब-स्टेशनों तक भेजी जाती है।
राख का सदुपयोग
विद्यार्थियों ने जाना कि प्लांट में उत्पन्न राख दो प्रकार की होती है - बॉटम ऐश, जिसका उपयोग सड़क निर्माण में, फ्लाई ऐश, जिसका उपयोग ईंट एवं सीमेंट निर्माण में किया जाता है।
विद्यार्थियों में उत्पन्न हुआ वैज्ञानिक दृष्टिकोण
भ्रमण प्रभारी व्याख्याता राकेश टंडन ने कहा कि इस प्रकार के शैक्षणिक भ्रमण से विद्यार्थियों में वैज्ञानिक सोच विकसित होती है। सफल व्यक्तियों के जीवन से प्रेरणा लेकर वे अपने लक्ष्य निर्धारण में सक्षम होते हैं और आत्मविश्वास बढ़ता है।अदानी फाउंडेशन ने विद्यार्थियों के लिए बस, नाश्ता एवं भोजन की व्यवस्था भी की। इस भ्रमण में विद्यालय के व्याख्याता उत्तम सिंह मरावी एवं ममता माण्डले ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई। विद्यालय के प्राचार्य जी. पी. लहरे ने अदानी फाउंडेशन की प्रमुख प्रीति अडानी के प्रति धन्यवाद ज्ञापित करते हुए कहा कि यह शैक्षणिक भ्रमण विद्यार्थियों के लिए अत्यंत लाभकारी साबित होगा।
0 Comments