विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो
कोरबा (सुघर गांव)। 26 नवंबर 2025, जिले के विकासखंड पाली अंतर्गत ग्राम पंचायत रतिजा में राष्ट्रीय सेवा योजना (NSS) इकाई शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय कोरबी धतूरा द्वारा 07 दिवसीय विशेष शिविर का शानदार आगाज़ किया गया। “नशा मुक्त समाज – युवा शक्ति की पहल” थीम पर आधारित यह शिविर 21 नवंबर से 27 नवंबर 2025 तक प्राथमिक/माध्यमिक शाला रतिजा परिसर में आयोजित हो रहा है।
ऊर्जावान शुभारंभ, प्रेरणादायी संदेशों के साथ
शिविर का शुभारंभ संस्था प्रमुख एवं शिविर संरक्षक प्राचार्य वीरभद्र सिंह पैकरा के मार्गदर्शन में हुआ। समारोह की शुरुआत स्वामी विवेकानंद,महात्मा गांधी,माँ सरस्वती एवं छत्तीसगढ़ महतारी के तैल चित्रों पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ गरिमामयी वातावरण में की गई। शिविर में 51 उत्साही NSS स्वयंसेवकों ने उपस्थिति देकर युवा शक्ति की दमदार मौजूदगी दर्ज कराई।
मुख्य अतिथि और गणमान्य जनों की गौरव पूर्ण उपस्थिति
उद्घाटन अवसर पर सरपंच श्रीमती कविता बाई कंवर मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहीं। साथ ही मंच पर विशेष अतिथि के रूप में - गोविंद राम देवांगन (व्याख्याता एवं कार्यक्रम अधिकारी माखनपुर),संजय कुमार साहू (व्याख्याता कोरबी धतूरा),रविकांत मनढ़रिया (विज्ञान सहायक एवं शिविर सहयोगी),राजू प्रसाद सारथी (कार्यक्रम अधिकारी),के.मिंज (व्याख्याता कोरबी धतूरा) ने अपनी गरिमामयी उपस्थिति से कार्यक्रम को सार्थक बनाया। शिविर का संचालन मनोज सिन्हा (समन्वयक, अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय) एवं वायके तिवारी (जिला संगठक,NSS कोरबा) के निर्देशानुसार किया जा रहा है।
श्रमदान से सेवा, स्वच्छता से संस्कृति – युवाओं का सराहनीय योगदान
शिविर के पहले दिन स्वयंसेवकों ने श्रमदान को केंद्र में रखते हुए स्वच्छता अभियान की शुरुआत की। इस दौरान चबूतरा निर्माण,कूड़ादान एवं सोखता गड्ढे निर्माण,स्नान घाट एवं पचरी घाट की मरम्मत,विद्यालय परिसर की स्वच्छता जैसे कार्यों पर विशेष फोकस किया गया। ग्राम पंचायत रतिजा के देवस्थल चौक और प्रमुख नालियों की सफाई कर युवाओं ने साफ-सुथरे गाँव का संदेश दिया।
युवा शक्ति का संकल्प - “नशा मुक्त समाज”
07 दिन का यह शिविर न केवल स्वच्छता और श्रमदान पर केंद्रित है, बल्कि नशा मुक्ति जैसे सामाजिक सरोकारों पर जागरूकता फैलाने का भी दृढ़ संकल्प लिए हुए है युवाओं द्वारा गांव - गांव,चौपालों में जन जागरूकता कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। रतिजा में शुरू हुआ यह NSS शिविर युवा ऊर्जा,सामाजिक चेतना और सकारात्मक बदलाव का एक मजबूत कदम साबित हो रहा है।
0 Comments