व्यावसायिक शिक्षा (I.T./ITES) में तकनीकी कौशल बढ़ाने का अनुभव
विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो
कोरबा (सुघर गांव)। 26 नवंबर 2025, जिले के पाली ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत उतरदा में स्थित स्वामी आत्मानंद शासकीय उत्कृष्ट विद्यालय उतरदा के व्यावसायिक पाठ्यक्रम (I.T./ITES) के छात्र-छात्राओं ने हाल ही में CIPET कोरबा का शैक्षणिक एवं औद्योगिक भ्रमण किया। यह भ्रमण विद्यार्थियों को वास्तविक औद्योगिक माहौल से परिचित कराने और उनके तकनीकी कौशल को बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम साबित हुआ।
भ्रमण के मुख्य आकर्षण
छात्रों ने कंप्यूटर डिज़ाइनिंग लैब, 3D मॉडलिंग, CAD डिज़ाइन, सिमुलेशन, प्रोटोटाइप मॉडल निर्माण जैसी प्रक्रियाओं का अवलोकन किया। प्लास्टिक इंजीनियरिंग, मैन्युफैक्चरिंग प्रोसेस, मशीनरी संचालन और लैब परीक्षण विधियों की जानकारी प्राप्त की। विशेषज्ञों ने विद्यार्थियों को आधुनिक उद्योगों में प्रयुक्त उन्नत तकनीकों के बारे में विस्तार से समझाया।
शिक्षकों और कर्मचारियों का योगदान
भ्रमण को सफलता पूर्वक संपन्न कराने में रजनीश पाण्डेय और महेश कुमार टुडू का महत्वपूर्ण योगदान रहा। व्यावसायिक प्रशिक्षक राजेन्द्र कैवर्त, सहयोगी शिक्षिका अनिता मानिकपुरी और सुधीर कुमार चंद्रा ने विद्यार्थियों के मार्गदर्शन में विशेष सहयोग दिया।
शिक्षकों और प्राचार्य के विचार
राजेन्द्र कैवर्त ने कहा कि इस तरह के औद्योगिक भ्रमण छात्रों में नई तकनीकों को समझने की प्रेरणा और रोजगार अवसरों के प्रति जागरूकता बढ़ाते हैं।
विद्यालय के प्राचार्य जी.पी.लहरे ने बताया कि औद्योगिक भ्रमण छात्रों के सर्वांगीण विकास,कौशल आधारित शिक्षा और भविष्य की तैयारी में अहम भूमिका निभाते हैं।
विद्यालय परिवार का आभार
विद्यालय परिवार ने CIPET प्रबंधन का आभार व्यक्त किया और कहा कि इस प्रकार के औद्योगिक भ्रमण से छात्रों में तकनीकी समझ,नवाचार की भावना और आत्मविश्वास विकसित होता है। उतरदा के शिक्षक और विद्यालय टीम की मेहनत एवं मार्गदर्शन से यह भ्रमण अत्यंत सफल और प्रेरणादायी साबित हुआ।
0 Comments