रेलडबरी शाला में प्रधानपाठक एस.एस. मरकाम के पदोन्नति उपलक्ष्य में हुआ न्यौता भोज।


विष्णु कुमार यादव, जिला ब्यूरो चीफ

कोरबा (सुघर गांव)। पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत उतरदा स्थित शासकीय माध्यमिक शाला रेलडबरी में सोमवार को एक हर्षोल्लासपूर्ण कार्यक्रम का आयोजन हुआ। अवसर था विद्यालय के प्रधानपाठक श्री एस.एस. मरकाम के प्राचार्य पद पर पदोन्नति का। इस खुशी को साझा करते हुए मरकाम सर ने विद्यालय परिसर में न्योता भोज (प्रति-भोज) का आयोजन किया, जिसमें विद्यार्थियों और शिक्षकों ने मिलकर आनंद उठाया।15 वर्षों का गौरवशाली कार्यकाल* मरकाम सर वर्ष 2010 से रेलडबरी शाला में पदस्थ रहे। पूरे 15 वर्षों के लंबे कार्यकाल में उन्होंने अपनी व्यवहार कुशलता, सौम्य व्यक्तित्व और अनुकरणीय कार्यशैली से विद्यार्थियों, अभिभावकों और शिक्षकों के बीच विशेष पहचान बनाई। उनके नेतृत्व में विद्यालय का परीक्षा परिणाम लगातार बेहतर रहा। विद्यार्थियों में अनुशासन और संस्कार की झलक उनके मार्गदर्शन का प्रत्यक्ष प्रमाण है।

 विद्यार्थियों का सम्मान और विशेष पल :-

 पदोन्नति की खुशी साझा करते हुए मरकाम सर ने वर्ष 2024-25 में उत्तीर्ण विद्यार्थियों को स्मृति-चिह्न स्वरूप पेन भेंट कर सम्मानित किया। इसी दौरान कक्षा 9वीं की छात्रा कु. गीतांजलि पटेल का जन्मदिन भी पूरे उत्साह और हर्षोल्लास के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम में शामिल लोग :- 

इस अवसर पर शाला प्रबंधन समिति अध्यक्ष केशरी कौशिक, उपाध्यक्ष माखन कौशिक, समस्त शिक्षक-शिक्षिकाएँ तथा बड़ी संख्या में विद्यार्थी उपस्थित रहे।
शिक्षिकाएँ अनिता लहरे, सुलोचना जगत, अनिता राठौर, माया साहू, पूजा किरण सहित पूरा शाला परिवार मरकाम सर को बधाई देने पहुँचा।सभी ने उनके योगदान को याद करते हुए कहा कि मरकाम सर की सरलता, आत्मीयता और नेतृत्व क्षमता सदैव प्रेरणा देती रहेगी।
 
हुआ नया पदस्थापना :-

अब श्री एस.एस. मरकाम की पदस्थापना शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय अमका, विकासखंड खडगवा जिला मनेन्द्रगढ़-चिरमिरी-भरतपुर में हुई है। अंत में सभी ने उन्हें उज्ज्वल भविष्य एवं प्राचार्य पद पर सफलता की शुभकामनाएँ दीं।

Post a Comment

0 Comments