बिलासपुर यूनिवर्सिटी पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ का आरोप – NSUI ने दी घेराव की चेतावनी।


विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो चीफ

कोरबा ( सुघर गांव )। जिले अंतर्गत पाली ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत हरदीबाजार में स्थित अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय बिलासपुर पर छात्रों के भविष्य से खिलवाड़ करने का गंभीर आरोप लगाया गया है। एनएसयूआई जिला अध्यक्ष मनमोहन राठौर ने आरोप लगाया कि विश्वविद्यालय द्वारा जारी परीक्षा परिणाम न केवल छात्र-छात्राओं के मनोबल को तोड़ने वाला है, बल्कि इससे उनकी शिक्षा और भविष्य पर सीधा प्रभाव पड़ रहा है।मनमोहन राठौर ने बताया कि शासकीय ग्रा.भा. महाविद्यालय के बीएससी प्रथम सेमेस्टर रसायन शास्त्र विषय के परीक्षा परिणाम में 142 छात्रों में से 137 छात्रों को मात्र 0 से 7 अंकों के बीच अंक दिए गए हैं। यह आंकड़ा अपने आप में विश्वविद्यालय की मूल्यांकन प्रणाली पर गंभीर सवाल खड़े करता है।
राठौर ने कहा कि ताजा परीक्षा परिणाम में कुछ छात्रों को "अवसेंट" दर्शाया गया है, जबकि वे सभी छात्र नियमित रूप से परीक्षा में उपस्थित थे और उनकी उपस्थिति रजिस्टर में हस्ताक्षर के साथ दर्ज है। इससे स्पष्ट होता है कि मूल्यांकन प्रक्रिया में भारी लापरवाही बरती गई है।उन्होंने कटाक्ष करते हुए कहा, “ऐसा प्रतीत होता है कि विश्वविद्यालय ने पेपर जांचने का कार्य किसी राह चलते व्यक्ति, ठेले वालों या बेरोजगारों को पैसा देकर करवाया है। यह सीधे तौर पर छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ है।”राठौर ने बताया कि पूर्व में भी इस विषय पर कोरबा सांसद ज्योत्सना महंत के माध्यम से तथा स्वयं द्वारा सघन जांच की मांग की गई थी, लेकिन अभी तक विश्वविद्यालय प्रशासन ने कोई ठोस कदम नहीं उठाया।उन्होंने यह भी मांग की कि रसायन शास्त्र विषय की उत्तरपुस्तिकाओं की जांच करने वाले परीक्षक का नाम सार्वजनिक किया जाए और यह बताया जाए कि वे किस महाविद्यालय में पदस्थ हैं।NSUI ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द ही छात्रों को न्याय नहीं मिला और पारदर्शिता सुनिश्चित नहीं की गई, तो अटल बिहारी वाजपेयी विश्वविद्यालय के परीक्षा नियंत्रण कक्ष का घेराव किया जाएगा।

Post a Comment

0 Comments