शासकीय हाई स्कूल मुढाली को मिला सुरक्षा कवच, 19.5 लाख की लागत से अहाता निर्माण कार्य शुरू छात्रों की सुरक्षा, स्वच्छ वातावरण और स्कूल सौंदर्यीकरण की दिशा में बड़ा कदम।


 विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो चीफ

 कोरबा( सुघर गांव )। जिले अंतर्गत कटघोरा ब्लॉक में स्थित ग्राम पंचायत मुढाली के विद्यालय में शिक्षा केवल ज्ञान प्राप्त करने का माध्यम नहीं, बल्कि यह एक सुरक्षित और प्रेरणादायक वातावरण की भी मांग करती है। इसी दिशा में शासकीय हाई स्कूल मुढाली में वर्षों पुरानी एक बड़ी जरूरत आखिरकार पूरी हो रही है। विद्यालय में लंबे समय से अहाता निर्माण की आवश्यकता महसूस की जा रही थी, जिसे अब शासन से 19.5 लाख रुपये की स्वीकृति मिलने के बाद 380 मीटर लंबी बाउंड्री वॉल के निर्माण कार्य के रूप में मूर्त रूप दिया जा रहा है। गौरतलब है कि शासकीय हाई स्कूल मुढाली में विगत पांच वर्षों से कक्षा नवमीं और दसवीं तक की कक्षाएं संचालित हो रही हैं। भवन तो वर्षों पहले तैयार हो चुका था, परंतु अहाते की अनुपस्थिति स्कूल की सबसे बड़ी समस्या बन चुकी थी। स्कूल मुख्य मार्ग से सटा हुआ है, जिससे छात्रों की दुर्घटना की आशंका हमेशा बनी रहती थी। इसके अलावा, असामाजिक तत्वों की आवाजाही और मवेशियों द्वारा स्कूल परिसर में घुसपैठ से शैक्षणिक माहौल लगातार प्रभावित हो रहा था।इन चुनौतियों को देखते हुए शाला प्रबंधन समिति, ग्राम पंचायत और अभिभावकों ने लगातार प्रयास किए। कई बार शासन-प्रशासन को पत्र लिखे गए, प्रस्ताव भेजे गए, तब जाकर अब जाकर यह बहुप्रतीक्षित निर्माण कार्य स्वीकृत हुआ है और तेजी से प्रारंभ भी हो चुका है।
बाउंड्री निर्माण से होंगे अनेक लाभ अहाता निर्माण से विद्यालय परिसर में सुरक्षा व्यवस्था बेहतर होगी, साथ ही स्कूल में वृक्षारोपण, स्वच्छता एवं सौंदर्यीकरण जैसे कार्यों को भी प्राथमिकता दी जा सकेगी। एक सुरक्षित, व्यवस्थित और शांत वातावरण में विद्यार्थियों को पढ़ाई का उचित माहौल मिलेगा।शाला प्रबंधन समिति, ग्राम पंचायत एवं समस्त अभिभावकों ने इस निर्माण कार्य के लिए शासन को धन्यवाद देते हुए कहा है कि यह कार्य विद्यार्थियों के भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।

Post a Comment

0 Comments