कोसरंगी में मुख्य मार्ग किनारे कथित अवैध कारोबार, नीले ठेले से पेट्रोल-डीजल और शराब बिक्री,सीमेंट की अवैध बिक्री खरीदी का खेल

कोसरंगी में मुख्य मार्ग किनारे कथित अवैध कारोबार, नीले ठेले से पेट्रोल-डीजल और शराब बिक्री,सीमेंट की अवैध बिक्री खरीदी का खेल
खतरनाक मोड़ पर ठेला संचालन से दुर्घटना और आगजनी की आशंका, जिम्मेदार विभागों की निगरानी पर उठे सवाल
खरोरा /रायपुर (सुघर गांव)। 03 नवंबर 2026, खरोरा-आरंग मुख्य मार्ग पर ग्राम कोसरंगी में सड़क किनारे संचालित एक नीले रंग के ठेले को लेकर कथित अवैध कारोबार का मामला सामने आया है। विशेष सूत्रों से प्राप्त जानकारी और मौके की तस्वीरों के आधार पर आरोप लगाया जा रहा है कि जानुराम साहू पिता थुकेला राम साहू तथा उनके दो पुत्र भगवत साहू और टिकेश्वर साहू द्वारा अपने निवास के पास, मधुरम भोजनालय के किनारे एवं ईंट भट्ठे के सामने ठेला लगाकर कथित रूप से पेट्रोल-डीजल की खरीद-बिक्री, सीमेंट के कारोबार और शराब बिक्री की गतिविधियां संचालित की जा रही हैं।
सूत्रों के अनुसार, मुख्य मार्ग किनारे लगाया जाने वाला यह ठेला सुबह करीब 7 बजे से रात 10 बजे तक संचालित रहता है। खरोरा-आरंग मार्ग पर गुजरने वाले चारपहिया वाहन चालकों से पेट्रोल- डीजल अवैध रूप से ख़रीदा जाता है। वहीं, शराब की कथित बिक्री को लेकर भी मामले आई हैं। हालांकि, इन आरोपों की वास्तविकता और कारोबार की वैधता की पुष्टि संबंधित विभागों की जांच के बाद ही हो सकेगी।
खतरनाक मोड़ पर ठेला, कभी भी हो सकता है बड़ा हादसा
मामले का सबसे गंभीर पहलू ठेले की भौगोलिक स्थिति है। बताया जा रहा है कि ठेला मुख्य मार्ग के ऐसे मोड़ के आसपास लगाया जाता है, जहां से भारी वाहनों सहित बड़ी संख्या में छोटे-बड़े वाहन गुजरते हैं। सड़क किनारे ठेले की मौजूदगी से आवागमन प्रभावित होने, वाहनों की कतार लगने और दुर्घटना की आशंका बनी रहती है।
इससे भी अधिक चिंताजनक स्थिति पेट्रोल-डीजल की कथित खरीदी बिक्री और भंडारण को लेकर है। यदि बिना आवश्यक अनुमति और सुरक्षा मानकों के ज्वलनशील पदार्थों का भंडारण किया जा रहा है, तो यह आसपास के लोगों, राहगीरों और वाहन चालकों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा बन सकता है। मौके के आसपास हाईटेंशन विद्युत तार और बिजली के खंभे होने की बात भी सामने आई है। ऐसे संवेदनशील स्थान पर पेट्रोल-डीजल के कथित कारोबार की जांच अग्नि सुरक्षा और पेट्रोलियम भंडारण संबंधी नियमों के अनुरूप किया जाना आवश्यक है।
मधुरम भोजनालय के आसपास शराबखोरी और बिक्री की भी जांच जरूरी
नीले ठेले के समीप संचालित मधुरम भोजनालय को लेकर भी स्थानीय स्तर पर सवाल उठाए जा रहे हैं। आरोप है कि भोजनालय में देर रात तक मांसाहारी भोजन के साथ शराबखोरी की स्थिति भी बनी रहती है। इसके अलावा आसपास कथित रूप से शराब की खरीद-बिक्री होने की बात सामने आई हैं।
यदि इन शिकायतों में तथ्य पाए जाते हैं, तो आबकारी विभाग के साथ पुलिस और खाद्य सुरक्षा विभाग को अपने - अपने अधिकार क्षेत्र में कार्रवाई करनी चाहिए। 
जिम्मेदार विभागों की निगरानी पर सवाल,आखिर कब होगा स्थल निरीक्षण
ग्राम कोसरंगी थाना खरोरा क्षेत्रांतर्गत आता है तथा आरंग विधानसभा क्षेत्र के अंतिम छोर पर स्थित है। ऐसे में क्षेत्र में संचालित अवैध व्यावसायिक गतिविधियों की नियमित निगरानी और जानकारी पर त्वरित कार्रवाई की जिम्मेदारी संबंधित विभागों की है। इस पूरे मामले में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, आबकारी विभाग, खाद्य एवं औषधि प्रशासन, खाद्य विभाग तथा पेट्रोलियम संबंधी सक्षम अधिकारियों का ध्यान आकृष्ट कराया जाना आवश्यक है। अधिकारियों को मौके पर पहुंचकर कथित पेट्रोल-डीजल भंडारण एवं बिक्री की वैधता, सीमेंट कारोबार से संबंधित शिकायतों और अवैध शराब बिक्री के आरोपों की निष्पक्ष जांच करनी चाहिए।
दुर्घटना या आगजनी के बाद जागेगा प्रशासन
जनसुरक्षा से जुड़े इस मामले में सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या संबंधित विभाग किसी संभावित दुर्घटना से पहले कार्रवाई करेंगे या फिर किसी अप्रिय घटना के बाद ही प्रशासन की सक्रियता दिखाई देगी? मुख्य मार्ग के खतरनाक मोड़ पर कथित रूप से ज्वलनशील पदार्थों की बिक्री, शराब कारोबार और अन्य व्यावसायिक गतिविधियों को सामान्य मामला मानकर नजरअंदाज नहीं किया जा सकता। आवश्यकता है कि प्रशासन तत्काल स्थल निरीक्षण करे, संबंधित व्यक्तियों से दस्तावेज एवं आवश्यक अनुमति की जांच करे और नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करे। अब देखना यह है कि जिम्मेदार विभाग इन शिकायतों को कितनी गंभीरता से लेते हैं और ग्राम कोसरंगी के इस मामले में जांच एवं कार्रवाई कब तक सामने आती है।

Post a Comment

0 Comments