बिलाईगढ़ BEO ऑफिस में 1300 शिक्षकों का भविष्य भगवान भरोसे, खिड़की खुली, फाइलें ढेर में

बिलाईगढ़ BEO ऑफिस में 1300 शिक्षकों का भविष्य भगवान भरोसे, खिड़की खुली, फाइलें ढेर में
    खिड़की से झांक रही झाड़ियां, फाइलों पर मंडरा रहा सांप-बिच्छू और आगजनी का खतरा
  सारंगढ़ - बिलाईगढ़ (सुघर गांव)। 27 अक्टूबर 2026, जिले के विकासखंड शिक्षा अधिकारी कार्यालय बिलाईगढ़ इन दिनों लापरवाही और भ्रष्ट व्यवस्था की जीती - जागती मिसाल बना हुआ है। कार्यालय बंद होने के बाद भी खिड़कियां खुली रहती हैं और उसी खुली खिड़की के पास 1300 शिक्षकों के सर्विस बुक सहित जीवन भर की जमा-पूंजी जैसे महत्वपूर्ण दस्तावेजों का ढेर लगा है।
     1300 शिक्षकों का भविष्य खतरे में
जरा सोचिए,अगर किसी ने द्वेषवश,जलन में या किसी असामाजिक तत्व ने एक तीली माचिस से लगा दी तो 1300 परिवारों का भविष्य एक रात में राख हो जाएगा। इसका जवाबदार कौन होगा? BEO? DEO? या कलेक्टर? विभाग को इसकी कोई चिंता ही नहीं है। महत्वपूर्ण दस्तावेजों को चूहे कुतर रहे हैं, दीमक चाट रही है। विश्वस्त सूत्रों ने नाम न छापने की शर्त पर बताया कि शिक्षिका श्रीमती स्नेहलता ठाकुर सहित कुछ शिक्षकों की सेवा पुस्तिका कार्यालय से गायब कर दी गई है, जिससे संबंधित शिक्षक अत्यंत परेशान हैं, हालाकि इसकी पुष्टि होनी बाकी है। आरोप यह भी है कि विकासखंड शिक्षा अधिकारी अपने कार्यालय में कार्यालयीन समय में बहुत कम बैठते हैं, किसी को उनसे काम हो, तो वे कार्यालय से अक्सर गायब रहते हैं। ऑफिस में अफसर न रहने से लोगों को अनेक परेशानियों का सामना करना पड़ता है तथा कई लोग छोटे कर्मचारियों के पास चढ़ावा चढ़ाने के लिए मजबूर हो जाते हैं।
   ऑफिस में अफसर नहीं, सांप - बिच्छू का राज
BEO ऑफिस के अगल - बगल और पीछे बड़ी - बड़ी झाड़ियां उग आई हैं। ये झाड़ियां खिड़कियों से अंदर झांक कर मानो कार्यालय के कामकाज की समीक्षा कर रही हैं। अधिकारी-कर्मचारी रोज इन झाड़ियों को देखकर निकल जाते हैं, पर सफाई कराने की किसी ने जहमत नहीं उठाई। कार्यालय में जहरीले सांप, बिच्छू और कीड़े - मकोड़ों का खतरा हमेशा बना रहता है। कर्मचारी डर के साए में काम करने को मजबूर हैं।
10 साल से एक ही कुर्सी पर कब्जा हटाने की मांग तेज
जानकारी के मुताबिक BEO एस.एन.साहू पिछले लगभग 10 साल से एक ही स्थान विकासखंड बिलाईगढ़ में ही जमे बैठे हुए हैं। एक ही ब्लॉक में 10 साल तक जमे रहना अपने आप में कई सवाल खड़े करता है। क्या यह अच्छे काम का इनाम है या फिर ऊपर तक नियमित ‘भेंट-चढ़ावे’ का आशीर्वाद है,जिससे उन्हें लाइफ टाइम एक ही जगह रहने का वरदान मिला हुआ है? इतना ही नहीं, वे मनचाहे तरीके और स्वेच्छाचारितापूर्ण ढंग से कार्यालय का संचालन कर रहे हैं। नियमानुसार हर 3 साल में BEO का स्थानांतरण होना चाहिए, लेकिन विकासखंड बिलाईगढ़ में नियम-कायदे ताक पर हैं।
 लंबे समय से एक ही स्थान पर जमे BEO का स्थानांतरण की मांग 
 1300 शिक्षकों के भविष्य और कार्यालय की सुरक्षा को देखते हुए तत्काल प्रभाव से वर्तमान BEO एस.एन.साहू को हटाकर किसी ईमानदार और जिम्मेदार अधिकारी को नया BEO पदस्थ किया जाए, ताकि दस्तावेज सुरक्षित रहें और कार्यालय जंगल से मुक्त हो सके।

Post a Comment

0 Comments