मस्तूरी में रविवार को जुटेंगे तीन तहसीलों के कोटवार, मंगल भवन में होगा भव्य कोटवार सम्मेलन

 


सुभाष टंडन


मस्तूरी। तहसील मस्तूरी, सीपत एवं पचपेड़ी क्षेत्र के कोटवारों का कोटवार सम्मेलन समारोह रविवार, 6 सितंबर 2026 को मस्तूरी के मंगल भवन में आयोजित किया जाएगा। कार्यक्रम दोपहर 1 बजे से शुरू होगा। सम्मेलन में तीनों तहसीलों के कोटवार बड़ी संख्या में शामिल होंगे। 

कार्यक्रम में मस्तूरी विधायक श्री दिलीप लहरिया मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहेंगे। वहीं अनुविभागीय अधिकारी (राजस्व) मस्तूरी श्री शिवकुमार कंवर एवं मुख्य कार्यपालन अधिकारी जनपद पंचायत मस्तूरी श्री जे.आर. भगत विशिष्ट अतिथि के रूप में शामिल होंगे। 

ग्रामीण प्रशासन में कोटवारों की भूमिका पर होगी चर्चा

कोटवार ग्रामीण स्तर पर प्रशासन और आमजन के बीच महत्वपूर्ण कड़ी के रूप में अपनी जिम्मेदारी निभाते हैं। सम्मेलन में कोटवारों की भूमिका, दायित्व, कार्यक्षेत्र से जुड़ी समस्याओं तथा आपसी समन्वय जैसे विषयों पर चर्चा की जाएगी। साथ ही संगठन की एकजुटता को मजबूत करने और कोटवारों के बीच बेहतर संवाद स्थापित करने पर भी विचार-विमर्श होगा।

मस्तूरी कोटवार संघ के अध्यक्ष चंद्रकुमार मानिकपुरी, सीपत कोटवार संघ के अध्यक्ष प्रेमदास मानिकपुरी एवं पचपेड़ी कोटवार संघ के अध्यक्ष तिलकदास मानिकपुरी ने क्षेत्र के सभी कोटवारों से सम्मेलन में अधिक से अधिक संख्या में शामिल होने की अपील की है। 

तीनों क्षेत्रों के कोटवारों के एक मंच पर जुटने से सम्मेलन को लेकर उत्साह का माहौल है। आयोजकों के अनुसार यह सम्मेलन कोटवारों की समस्याओं को सामने रखने और संगठनात्मक एकजुटता को बढ़ावा देने की दिशा में महत्वपूर्ण रहेगा।

Post a Comment

0 Comments