सोने की बाली खोजने प्राथमिक स्कूल काठापाली की शिक्षिका गीता कुंभकार ने बच्चों से स्कूल में कराई नारियल - चावल का टोटका

सोने की बाली खोजने प्राथमिक स्कूल काठापाली की शिक्षिका गीता कुंभकार ने बच्चों से स्कूल में कराई नारियल - चावल का टोटका
   जांजगीर-चांपा (सुघर गांव)। 31 जुलाई 2026,
 जिले के बलौदा ब्लॉक के ग्राम पंचायत डोंगरी के आश्रित गांव काठापाली के प्राथमिक स्कूल में एक हैरान कर देने वाला मामला सामने आया है। यहां पदस्थ शिक्षिका गीता कुंभकार की सोने की बाली क्या गुम हुई, उन्होंने चोर का पता लगाने के लिए स्कूली बच्चों को डराने के वास्ते अंधविश्वास और टोटके का सहारा ले डाला। विगत दिनों 21 जुलाई को शिक्षिका की सोने की बाली कहीं गुम हो गई। काफी खोजबीन के बाद जब बाली का पता नहीं चला, तो एक हफ्ते बाद विगत दिनों 28 जुलाई को शिक्षिका ने अंधविश्वास का शॉर्टकट खेल टोटका को अपनाया। शिक्षिका गीता कुंभकार अपने घर से लाल कपड़े में बंधा नारियल व चावल और मौली धागे में बंधा नारियल साथ में 02 तरह के चावल लेकर स्कूल पहुंचीं। उन्होंने स्कूली बच्चों से उसे छुआया और धमकी दी कि जिसने भी बाली चुराई है, वह चुपचाप दे दे, वरना उस पर इसका बहुत बुरा असर पड़ेगा। इस कृत्य से मासूम बच्चे बुरी तरह सहम गए और जब यह बात छात्रों ने अपने घर पहुंचकर परिजनों को बताया तो ग्रामीणों का गुस्सा शिक्षिका पर फूट पड़ा।
   प्रधान पाठिका वर्षा जैन ने शिक्षिका गीता कुंभकार को थमाया नोटिस,भेजी उच्च विभागीय अधिकारियों को रिपोर्ट
  काठापाली प्राइमरी स्कूल में कुल 32 बच्चे दर्ज हैं और यहां 02 शिक्षिकाएं पदस्थ हैं। इस पूरे घटनाक्रम पर स्कूल की प्रधान पाठिका वर्षा जैन ने बताया कि जब बच्चों ने उन्हें इस बात की जानकारी दी, तो उन्होंने तुरंत कड़ा संज्ञान लिया। प्रधान पाठिका ने आरोपी शिक्षिका गीता कुंभकार को लिखित में स्पष्टीकरण देने के लिए पत्र जारी कर दिया है और मामले की आधिकारिक रिपोर्ट उच्चाधिकारियों को भेज दी है ताकि आगे की विभागीय कार्रवाई की जा सके।

Post a Comment

0 Comments