विधायक पटेल व जिला पंचायत उपाध्यक्ष जायसवाल के गृहग्राम का स्कूल बदहाल जर्जर छत, शिक्षकों की कमी और अधूरे वादों पर उठे सवाल..?

विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो चीफ 

कोरबा (सुघर गांव)। जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत उतरदा मोहल्ला रेलडबरी में स्थित प्राथमिक और माध्यमिक शाला में प्रवेश उत्सव के दौरान बच्चों को किताबें और गणवेश वितरित किए गए, लेकिन रेलडबरी स्थित शासकीय प्राथमिक एवं माध्यमिक विद्यालय की बदहाल स्थिति ने जनप्रतिनिधियों के दावों पर सवाल खड़े कर दिए। कटघोरा विधायक प्रेमचंद पटेल, जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता मुकेश जायसवाल एवं शिक्षा समिति अध्यक्ष के गृहग्राम में स्थित यह विद्यालय वर्षों से मूलभूत सुविधाओं के अभाव से जूझ रहा है।
◆ जर्जर छत, खतरे में बच्चे
विद्यालय भवन की छत पूरी तरह क्षतिग्रस्त हो चुकी है। बारिश में कमरों के भीतर पानी टपकता है और सरिए तक दिखाई दे रहे हैं। बच्चे और शिक्षक हर दिन डर के साये में पढ़ाई करने को मजबूर हैं।
◆ 80 हजार के शौचालय का वादा अधूरा
ग्रामीणों के अनुसार 26 जनवरी के कार्यक्रम में जिला पंचायत उपाध्यक्ष प्रतिनिधि निकिता मुकेश जायसवाल ने 80 हजार रुपये से शौचालय निर्माण कराने की घोषणा की थी, लेकिन आज तक निर्माण कार्य शुरू नहीं हो सका।
◆ दो शिक्षकों के भरोसे तीन कक्षाएं
कक्षा 6वीं से 8वीं तक केवल दो शिक्षक पदस्थ हैं। अतिथि शिक्षक की मांग कई बार जनप्रतिनिधियों और पंचायत को दी गई, लेकिन अब तक कोई व्यवस्था नहीं हुई।
◆ शिक्षा के जिम्मेदार, फिर भी स्कूल बेहाल
ग्रामीणों का आरोप है कि भवन मरम्मत, नए भवन निर्माण और शैक्षणिक सुविधाओं को लेकर वर्षों से केवल आश्वासन दिए जा रहे हैं। शिक्षा व्यवस्था की जिम्मेदारी संभालने वाले जनप्रतिनिधियों के गृहग्राम में ही समस्याएं जस की तस बनी हुई हैं।
ग्रामीणों का कहना है कि “दिया तले अंधेरा” की कहावत रेलडबरी में पूरी तरह चरितार्थ हो रही है। उन्होंने विद्यालय की तत्काल मरम्मत, शौचालय निर्माण और अतिरिक्त शिक्षकों की नियुक्ति की मांग की है।

Post a Comment

0 Comments