कोरबा (सुघर गांव)। हरदीबाजार थाना क्षेत्र अंतर्गत ग्राम पंचायत नेवसा में कथित पुलिस प्रताड़ना के विरोध में दो युवकों के पानी टंकी पर चढ़ने की घटना को लेकर कोरबा लोकसभा सांसद ज्योत्सना चरणदास महंत ने कड़ी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। सांसद ने कहा कि जिस प्रकार युवकों द्वारा हरदीबाजार थाना प्रभारी प्रमोद डड़सेना और पुलिस कर्मियों पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं, उनकी निष्पक्ष जांच होना आवश्यक है तथा दोषी पाए जाने वालों पर कठोर कार्रवाई की जानी चाहिए।
हरदीबाजार पुलिस की कार्यशैली पर उठ रहे सवाल
सांसद महंत ने कहा कि क्षेत्र में लगातार पुलिस की कार्यप्रणाली को लेकर शिकायतें सामने आ रही हैं। यदि आम नागरिक स्वयं को असुरक्षित महसूस कर रहे हैं और पुलिस पर गंभीर आरोप लगा रहे हैं, तो यह चिंता का विषय है। ऐसे मामलों को गंभीरता से लेकर जांच कराई जानी चाहिए।
युवकों के आरोपों की हो निष्पक्ष जांच
नेवसा के युवकों ने आरोप लगाया है कि उन्हें रास्ते से रोककर मारपीट की गई और बाद में थाने में भी प्रताड़ित किया गया। सांसद ने कहा कि पूरे मामले की निष्पक्ष, पारदर्शी और उच्च स्तरीय जांच कर सच्चाई सामने लाई जानी चाहिए ताकि किसी निर्दोष के साथ अन्याय न हो।
जनता का पुलिस पर भरोसा कमजोर होना चिंताजनक
सांसद ज्योत्सना महंत ने कहा कि पुलिस और जनता के बीच विश्वास लोकतांत्रिक व्यवस्था की सबसे बड़ी ताकत है। लेकिन यदि लगातार शिकायतें बढ़ती हैं और लोगों का भरोसा पुलिस प्रशासन से उठने लगे, तो यह व्यवस्था के लिए गंभीर संकेत है। उन्होंने कहा कि पुलिस का दायित्व जनता की सुरक्षा और विश्वास को मजबूत करना है, न कि भय का माहौल बनाना।
सांसद महंत ने जिला प्रशासन और पुलिस विभाग से मांग की है कि हरदीबाजार थाना क्षेत्र में सामने आ रहे आरोपों की गंभीरता से जांच की जाए, दोषियों पर कार्रवाई हो तथा पीड़ित युवकों को न्याय दिलाया जाए। उन्होंने कहा कि कानून का राज तभी मजबूत होगा जब आम नागरिक को निष्पक्ष न्याय और सम्मान मिले। :::
0 Comments