प्रमोद कुमार बंजारे, संभाग ब्यूरो चीफ
बिलासपुर (सुघर गांव)। 26 अप्रैल 2026 कोटा तहसील के रतनपुर थाना अंतर्गत ग्राम रानीगांव, पिनकोड 495442 स्थित शासकीय देशी शराब दुकान में कार्यरत कर्मचारियों द्वारा ग्राहकों से अभद्र व्यवहार और गाली-गलौज करने का मामला सामने आया है। इससे शराब प्रेमियों में भारी नाराजगी है। स्थानीय ग्रामीणों और ग्राहकों का आरोप है कि दारू भट्ठी में पदस्थ सेल्समैन और अन्य कर्मचारी नशे की हालत में रहते हैं। शराब लेने पहुंचने वाले ग्राहकों से सीधे मुंह बात नहीं करते, बल्कि गाली-गलौज और धमकी भरे लहजे में बात करते हैं। विरोध करने पर दुकान से भगा देने की धमकी दी जाती है।
आबकारी नियमों के अनुसार शराब दुकान में कार्यरत किसी भी कर्मचारी का ग्राहक से दुर्व्यवहार करना प्रतिबंधित है। निर्धारित दर से अधिक राशि वसूलना, मिलावटी शराब देना और अभद्रता करना अपराध की श्रेणी में आता है। बावजूद इसके रानीगांव दुकान में खुलेआम नियमों की अनदेखी हो रही है।
एक शराब प्रेमी (ग्राहक) ने बताया, "हम पैसे देकर शराब खरीदते हैं, भीख नहीं मांगते। लेकिन यहां कर्मचारी ऐसे बात करते हैं जैसे एहसान कर रहे हों। आए दिन गाली-गलौज आम बात हो गई है।" ग्रामीणों ने कलेक्टर बिलासपुर और जिला आबकारी अधिकारी से शिकायत कर दोषी कर्मचारियों पर कार्यवाही की मांग की है।
ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्यवाही नहीं हुई तो वे दुकान के सामने प्रदर्शन करेंगे। मामले में आबकारी विभाग के अधिकारियों का पक्ष जानने का प्रयास किया गया, लेकिन संपर्क नहीं हो सका।
ग्राम - रानीगांव, तहसील - कोटा, थाना - रतनपुर, जिला - बिलासपुर, छत्तीसगढ़, पिनकोड - 495442
0 Comments