नेवसा में घटिया सीसी रोड और बिजली संकट से ग्रामीण परेशान
 एक माह में उखड़ने लगी सड़क,महीनों से अंधेरे में गांव जांच और सुधार की मांग
   विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो 
कोरबा (सुघर गांव)। 14 मार्च 2026, जिले के पाली विकासखंड अंतर्गत ग्राम पंचायत नेवसा में हाल ही में कराए गए विकास कार्यों की गुणवत्ता पर ग्रामीणों ने सवाल उठाए हैं। गांव में बनाए गए सीसी रोड के कुछ ही दिनों में खराब होने और बिजली व्यवस्था ठप रहने से लोगों को कई तरह की परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। ग्रामीणों ने जिम्मेदारों से जांच और जल्द सुधार की मांग की है। मुख्य समस्याएं इस प्रकार हैं –
    एक माह में उखड़ने लगी सीसी रोड
 ग्रामीणों के अनुसार गांव में करीब एक माह पहले ही सीसी रोड का निर्माण कराया गया था, लेकिन सड़क अब जगह-जगह से टूटने और उखड़ने लगी है। सड़क की परत कमजोर होने से गड्ढे बनने लगे हैं, जिससे आवागमन करने वाले लोगों को काफी दिक्कत हो रही है। इससे निर्माण कार्य की गुणवत्ता पर सवाल उठ रहे हैं।
      तय मापदंड के अनुसार नहीं हुआ निर्माण 
ग्रामीणों का आरोप है कि सड़क निर्माण में निर्धारित मानकों का पालन नहीं किया गया। सड़क की मोटाई भी तय मानक से कम रखी गई है, जिसके कारण सड़क जल्दी खराब हो रही है। ग्रामीणों ने इस निर्माण कार्य की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार अधिकारियों और ठेकेदारों पर कार्रवाई की मांग की है।
        बैटरी पोल लगे, लेकिन गांव अंधेरे में
गांव में बिजली व्यवस्था सुधारने के लिए बैटरी चालित बिजली पोल लगाए गए हैं, लेकिन उनकी बैटरियां पंचायत भवन में रखी हुई हैं। इस वजह से पोल में लगी लाइटें नहीं जल पा रही हैं और रात के समय गांव में अंधेरा बना रहता है, जिससे लोगों को असुविधा का सामना करना पड़ रहा है।
      4–5 महीनों से बनी हुई है बिजली की समस्या
 ग्रामीणों का कहना है कि पिछले चार से पांच महीनों से गांव में बिजली की समस्या बनी हुई है, लेकिन पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा इस दिशा में कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। लोगों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क की गुणवत्ता की जांच कराई जाए और गांव में बिजली व्यवस्था जल्द से जल्द सुचारू की जाए, ताकि ग्रामीणों को राहत मिल सके।