पाली में स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन, मितानिन बहनों के योगदान को मिला सम्मान

पाली में स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन, मितानिन बहनों के योगदान को मिला सम्मान 
 विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम व जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ.पवन सिंह ने ग्रामीण स्वास्थ्य सुदृढ़ करने का दिया संदेश 
   विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो 
कोरबा (सुघर गांव)। 06 मार्च 2026, जिले के पाली विकासखंड में ग्राम स्वास्थ्य, स्वच्छता एवं पोषण समिति के तत्वावधान में स्वास्थ्य पंचायत सम्मेलन का आयोजन उत्साह पूर्वक सम्पन्न हुआ। सम्मेलन में बड़ी संख्या में मितानिन बहनों, स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं,पंचायत प्रतिनिधियों तथा ग्रामीणों की सहभागिता रही। कार्यक्रम में उपस्थित जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों ने ग्रामीण क्षेत्रों में स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत बनाने और कुपोषण मुक्त पंचायत के निर्माण पर विशेष जोर दिया। 
           सम्मेलन के प्रमुख बिंदु
 मितानिन स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ - विधायक तुलेश्वर सिंह मरकाम ने मितानिन बहनों को संबोधित करते हुए कहा कि वे ग्रामीण स्वास्थ्य व्यवस्था की रीढ़ हैं। गांव-गांव में स्वास्थ्य सेवाओं को पहुंचाने,गर्भवती महिलाओं की देखभाल और बच्चों के स्वास्थ्य संरक्षण में उनका योगदान अतुलनीय है।
 मातृ-शिशु स्वास्थ्य पर दिया विशेष जोर - डॉ. पवन सिंह 
जिला पंचायत अध्यक्ष डॉ.पवन सिंह ने कहा कि मितानिन बहनों के प्रयासों से मातृ एवं शिशु मृत्यु दर में कमी लाने, नियमित स्वास्थ्य जांच, टीकाकरण और कुपोषण उन्मूलन जैसे कार्यों में सकारात्मक परिणाम मिल रहे हैं।
 समाज सेवा का प्रेरणादायक उदाहरण - राजेश यादव
 प्रदेश मितानिन संघ के सह-संयोजक राजेश यादव ने कहा कि मितानिन बहनें निस्वार्थ भाव से समाज सेवा का कार्य कर रही हैं। उनका समर्पण ग्रामीण समाज के स्वास्थ्य सुधार की दिशा में एक प्रेरणादायक उदाहरण है।
    स्वस्थ और कुपोषण मुक्त पंचायत का संकल्प
सम्मेलन में उपस्थित सभी मितानिन बहनों,स्वास्थ्य कर्मियों और पंचायत प्रतिनिधियों ने मिलकर स्वस्थ, स्वच्छ और कुपोषण मुक्त पंचायत बनाने का संकल्प लिया।
बड़ी संख्या में अधिकारी और जनप्रतिनिधि रहे उपस्थित 
कार्यक्रम में संभाग प्रभारी सत्यप्रकाश साहू, वंदना गुप्ता, बीएओ सराफ, विधायक प्रतिनिधि कुलदीप सिंह मरकाम, चंद्रभान सिंह टेकाम, जगत नेताम सहित स्वास्थ्य विभाग एवं महिला बाल विकास विभाग के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।
         संचालन और आभार
 कार्यक्रम का संचालन विजय कश्यप ने किया, अतिथि परिचय सुनीता कंवर ने कराया तथा आभार प्रदर्शन वंदना गुप्ता ने व्यक्त किया। सम्मेलन में बड़ी संख्या में मितानिन बहनें और पंचायत प्रतिनिधि मौजूद रहे।

Post a Comment

0 Comments