पीएम आवास के नाम पर गरीबों का राशन बंद,तालापार पंचायत में अधूरे आवास का हवाला देकर महीनों से चावल-चना रोका,ग्रामीणों ने प्रशासन से लगाई गुहार
विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो
कोरबा (सुघर गांव)। 12 मार्च 2026,जिले के जनपद पंचायत पाली अंतर्गत ग्राम पंचायत तालापार में प्रधानमंत्री आवास योजना के अधूरे निर्माण को लेकर गरीब परिवारों के सरकारी राशन पर रोक लगाए जाने का मामला सामने आया है। बताया जा रहा है कि पंचायत के निर्देश पर कई महीनों से दर्जनों बीपीएल हितग्राहियों को चावल,चना और शक्कर नहीं दिया जा रहा,जिससे ग्रामीणों में भारी नाराजगी है। ग्रामीणों के अनुसार पंचायत की सरपंच श्रीमती रमा श्याम और सचिव प्रभा टेकाम के निर्देश पर सोसायटी संचालक द्वारा उन हितग्राहियों का राशन रोका गया है,जिनके प्रधानमंत्री आवास का निर्माण अभी पूरा नहीं हुआ है। गांव में राशन वितरण की जिम्मेदारी आदिवासी महिला स्व सहायता समूह को दी गई है,जहां समूह के सदस्य पति रामरतन सिंह द्वारा राशन वितरण किया जाता है।
मुख्य बातें - गरीबों का राशन 4–5 माह से बंद
अधूरे पीएम आवास का हवाला देकर दर्जनों बीपीएल हितग्राहियों को कई महीनों से राशन नहीं दिया गया।
वृद्ध महिला भी परेशान
गांव की सावित्री बाई ने बताया कि वह अपनी परित्यक्ता पुत्री के साथ रहती है और हर माह सोसायटी में अंगूठा लगाने के बावजूद उसे चावल नहीं मिल रहा।
अन्य हितग्राही भी प्रभावित
शिवकुंवर बाई और कुंवरसिंह जैसे कई ग्रामीणों ने बताया कि आवास निर्माण अधूरा होने के कारण उनका राशन भी रोक दिया गया है।
राशन वितरक ने बताया कारण
राशन वितरक रामरतन सिंह के अनुसार सरपंच - सचिव द्वारा दी गई सूची के आधार पर अधूरे आवास वाले हितग्राहियों का राशन रोकने कहा गया था।
नियमों के विपरीत कार्रवाई
खाद्य सुरक्षा कानून के अनुसार किसी भी कारण से पात्र हितग्राही का राशन रोकने का प्रावधान नहीं है।
प्रशासन से गुहार
राशन से वंचित ग्रामीणों ने प्रशासन से हस्तक्षेप कर उन्हें उनका हक दिलाने की मांग की है। ग्रामीणों का कहना है कि सरकारी योजनाओं का लाभ देने के बजाय राशन रोकना गरीबों के अधिकारों का उल्लंघन है। अब सभी प्रभावित हितग्राही प्रशासन से जल्द जांच कर उचित कार्रवाई और लंबित राशन दिलाने की मांग कर रहे हैं।
0 Comments