पाली विकासखंड में पंचायत प्रतिनिधियों व जन आरोग्य समिति सदस्यों को स्वास्थ्य संवर्धन का प्रशिक्षण

पाली विकासखंड में पंचायत प्रतिनिधियों व जन आरोग्य समिति सदस्यों को स्वास्थ्य संवर्धन का प्रशिक्षण 
 ग्राम स्तर पर स्वास्थ्य,स्वच्छता व पोषण को मजबूत करने के उद्देश्य से एक दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण आयोजित 
    विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो 
कोरबा (सुघर गांव)। 17 मार्च 2026,जिले में सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र पाली एवं जनपद पंचायत पाली के संयुक्त तत्वावधान में विकासखंड पाली के विभिन्न ग्राम पंचायतों के सरपंच, उपसरपंच, पंच तथा जन आरोग्य समिति के सदस्यों के लिए स्वास्थ्य संबंधी सुदृढ़ता हेतु एक दिवसीय गैर-आवासीय प्रशिक्षण का आयोजन किया गया। इस प्रशिक्षण में ग्राम स्तर पर स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने, जनजागरूकता बढ़ाने तथा पंचायतों की भूमिका को प्रभावी बनाने पर विशेष जोर दिया गया।              
प्रशिक्षण के प्रमुख बिंदु - पंचायतों की स्वास्थ्य सुधार में भूमिका 
प्रशिक्षण में बताया गया कि ग्राम पंचायतें स्वास्थ्य,स्वच्छता, पेयजल,पोषण और महिला-बाल विकास से जुड़े कार्यक्रमों के क्रियान्वयन में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। पंचायतें ग्राम पंचायत विकास योजना (GPDP) के माध्यम से स्वास्थ्य से जुड़ी आवश्यकताओं को प्राथमिकता देती हैं।
     मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य पर विशेष जोर
 प्रशिक्षण में गर्भवती महिलाओं का पंजीयन, नियमित प्रसव पूर्व जांच,संस्थागत प्रसव,टीकाकरण तथा नवजात शिशुओं की देखभाल को सुनिश्चित करने के लिए पंचायत, मितानिन और आंगनबाड़ी के समन्वय पर विस्तार से जानकारी दी गई।
       कुपोषण व स्वच्छता पर जागरूकता
 ग्रामीण क्षेत्रों में कुपोषण,एनीमिया, दूषित पानी और स्वच्छता की कमी जैसी समस्याओं पर चर्चा करते हुए बताया गया कि पंचायत स्तर पर स्वच्छता अभियान,साफ पेयजल और पोषण कार्यक्रमों को बढ़ावा देना जरूरी है।
ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस की जानकारी प्रशिक्षण के दौरान ग्राम स्वास्थ्य स्वच्छता एवं पोषण दिवस (VHND) के महत्व पर प्रकाश डाला गया, जिसमें बच्चों का टीकाकरण, गर्भवती महिलाओं की जांच तथा स्वास्थ्य संबंधी सेवाएं आंगनबाड़ी केन्द्रों में प्रदान की जाती हैं।
       जन आरोग्य समिति की जिम्मेदारियां
 जन आरोग्य समिति के सदस्यों को गांव में स्वास्थ्य योजनाओं की निगरानी, स्वास्थ्य संस्थानों की सेवाओं की जानकारी, दवाओं की उपलब्धता तथा ग्रामीणों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने की जिम्मेदारी समझाई गई।
        विभिन्न पंचायतों में चरणबद्ध प्रशिक्षण
प्रशिक्षण कार्यक्रम पाली विकासखंड के चैतमा, पोड़ी, रजकम्मा, तिवरता सहित विभिन्न पंचायत भवनों में आयोजित किया गया, जिसमें प्रत्येक पंचायत से लगभग 20 से 30 प्रतिनिधियों की सहभागिता सुनिश्चित की गई।
   प्रशिक्षण में विशेषज्ञ प्रशिक्षकों की उपस्थिति 
प्रशिक्षण के द्वारा स्वास्थ्य सेवाओं,स्वच्छता,पोषण एवं पंचायत स्तर पर समन्वय से ग्राम विकास को मजबूत बनाने की विस्तृत जानकारी दी गई। अधिकारियों ने पंचायत प्रतिनिधियों से अपील की कि वे गांवों में स्वास्थ्य जागरूकता बढ़ाने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने में सक्रिय भूमिका निभाएं।

Post a Comment

0 Comments