कटघोरा क्षेत्र में सनसनी,18 साल पुराने रिश्ते का दर्दनाक अंत
विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो
कोरबा (सुघर गांव)। 10 फरवरी 2026, जिले के कटघोरा थाना क्षेत्र से एक हृदय विदारक घटना सामने आई है, जहां वैवाहिक जीवन में चल रहे लंबे विवाद ने एक परिवार को पूरी तरह तबाह कर दिया। संतान न होने और आपसी अविश्वास के कारण उपजे तनाव में एक पति ने अपनी पत्नी की हत्या कर दी। घटना के बाद पूरे क्षेत्र में सनसनी फैल गई। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
लंबे समय से तनाव में था दांपत्य जीवन
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार ढेलवाडीह गायत्री बस्ती निवासी तुलसी यादव (37) और रंजना यादव (35) का विवाह लगभग 18 वर्ष पूर्व हुआ था। विवाह के इतने वर्षों बाद भी संतान न होने से दोनों के बीच लगातार तनाव बना हुआ था। इसके साथ ही आपसी शक और पारिवारिक विवाद ने रिश्ते को कमजोर कर दिया था।
मेले के बाद बढ़ा विवाद
बताया जा रहा है कि हाल ही में रंजना अपने मायके मेला देखने गई थी। वहीं पति भी पहुंचा था। घर लौटने के बाद दोनों के बीच पुराने मुद्दों को लेकर फिर विवाद शुरू हो गया,जिसने अचानक गंभीर रूप ले लिया।
परिजनों ने पहुंचाया अस्पताल,नहीं बच सकी जान
घटना के बाद महिला गंभीर रूप से घायल हो गई। घर में मौजूद परिजनों ने तुरंत उसे सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। घटना से परिवार और आस पास के लोग स्तब्ध रह गए।
48 घंटे में पुलिस ने आरोपी को दबोचा
वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया था। सूचना मिलते ही कटघोरा पुलिस सक्रिय हुई और मामले की गंभीरता को देखते हुए टीम गठित कर आरोपी की तलाश शुरू की। पुलिस ने सोमवार को आरोपी को गिरफ्तार कर लिया।
हत्या का मामला दर्ज,जांच जारी
पुलिस पूछताछ में सामने आया है कि लंबे समय से चल रहा वैवाहिक विवाद इस घटना का मुख्य कारण बना। फिलहाल आरोपी के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर आगे की कानूनी प्रक्रिया जारी है।
0 Comments