विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो
कोरबा (सुघर गांव)। 26 फरवरी 2026, जिले के पाली विकासखंड के ग्राम हरदीबाजार पंजीयन क्रमांक 409 अंतर्गत छत्तीसगढ़ आंगनबाड़ी कार्यकर्ता सहायिका संघ, परियोजना शाखा हरदीबाजार ने अपनी लंबित मांगों को लेकर व्यापक आंदोलन की घोषणा की है। संयुक्त मंच के प्रांतीय आह्वान पर 26 एवं 27 फरवरी को 02 दिवसीय सामूहिक अवकाश लेकर हड़ताल की जाएगी।
यूनिफॉर्म की गुणवत्ता पर कड़ा विरोध
संघ अध्यक्ष राधा जायसवाल ने बताया कि विभाग द्वारा प्रदाय साड़ी गुणवत्ताहीन,आकार में छोटी एवं रंग छोड़ने वाली है। एक-दो बार पहनने में ही अनुपयोगी हो जा रही है। कार्यकर्ताओं ने स्पष्ट किया कि वे मानदेय कर्मचारी हैं,अत खराब ड्रेस पहनने का दबाव न डाला जाए।
26 - 27 फरवरी को पूर्ण कार्य बहिष्कार
02 दिनों आंगनबाड़ी केंद्रों का संचालन और पोषण आहार वितरण बंद रहेगा। 28 फरवरी 2026 से सभी कार्यकर्ता एवं सहायिकाएं अपने-अपने केंद्रों में उपस्थित रहेंगी।
आंदोलन की 02 चरणों में रणनीति प्रथम चरण (26-27 फरवरी)
जिला मुख्यालय में धरना-रैली, कलेक्टर के माध्यम से प्रधानमंत्री एवं मुख्यमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा जाएगा।
द्वितीय चरण (9 मार्च 2026)
प्रदेश स्तर पर विधानसभा घेराव और बड़ा प्रदर्शन।
बजट पर नाराज़गी अलग मुद्दा
संघ ने हालिया बजट में आंगनबाड़ी कार्यकर्ता-सहायिकाओं के लिए ठोस प्रावधान नहीं किए जाने पर नाराज़गी जताई है। पदाधिकारियों का कहना है कि Government of India और Government of Chhattisgarh दोनों के बजट में मानदेय वृद्धि,नियमितीकरण और सामाजिक सुरक्षा पर स्पष्ट घोषणा न होने से कार्यकर्ताओं में असंतोष है।
प्रमुख मांगें
आंगनबाड़ी कार्यकर्ता - सहायिकाओं को शासकीय कर्मचारी घोषित किया जाए। नियमितीकरण तक कार्यकर्ता को ₹26,000 एवं सहायिका को ₹22,100 प्रतिमाह वेतन दिया जाए। मध्यप्रदेश की तर्ज पर प्रतिवर्ष वेतन वृद्धि लागू की जाए। सेवानिवृत्ति लाभ, एकमुश्त अनुग्रह राशि, मासिक पेंशन और समूह बीमा की सुविधा दी जाए। सामाजिक सुरक्षा की ठोस नीति बनाई जाए।
जिला एवं प्रांतीय नेतृत्व की भागीदारी
प्रांतीय संयोजक देवेन्द्र पटेल,सचिव सरस्वती श्रीवास, कोषाध्यक्ष किरण श्रीवास, संभागीय संयोजक चन्द्रशेखर पाण्डेय, प्रांतीय संरक्षक प्रतीक्षा शर्मा सहित जिला एवं परियोजना स्तर के पदाधिकारियों ने आंदोलन को सफल बनाने का आह्वान किया है। संघ ने स्पष्ट किया है कि यदि मांगों पर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया तो आगामी दिनों में आंदोलन को और व्यापक रूप दिया जाएगा।
0 Comments