282 क्विंटल के विरुद्ध मात्र 122.98 क्विंटल पहुंचा, 03 दिन में निराकरण नहीं तो आंदोलन
विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो
कोरबा (सुघर गांव)। 26 फरवरी 2026, जिले के पाली ब्लॉक अंतर्गत जोरहाडबरी ग्राम पंचायत में सार्वजनिक वितरण प्रणाली (पीडीएस) के तहत चावल के अधूरे आबंटन का मामला गंभीर रूप लेता जा रहा है। उचित मूल्य दुकान क्रमांक 552004072, संचालित शांति महिला स्व-सहायता समूह के माध्यम से पिछले लगभग 15 वर्षों से शांतिपूर्ण वितरण किया जा रहा है, लेकिन वर्ष 2026 के जनवरी और फरवरी माह में भारी कमी सामने आई है। जनवरी 2026 में शासन से कुल 141 क्विंटल चावल का आबंटन निर्धारित था, परंतु दुकान में केवल 59.33 क्विंटल चावल ही प्राप्त हुआ। शेष 78 क्विंटल चावल नहीं पहुंच सका। अधिकारियों के आश्वासन पर उपलब्ध चावल का वितरण कर दिया गया, जिससे आधे से अधिक हितग्राही पूर्ण राशन से वंचित रह गए। फरवरी 2026 में भी 141 क्विंटल चावल का आबंटन हुआ, लेकिन मात्र 63.65 क्विंटल ही भंडारित हो पाया। 17 व 18 फरवरी को उपलब्ध चावल का वितरण किया गया, परंतु इस माह भी 78 क्विंटल चावल शेष है। इस प्रकार दोनों माह मिलाकर कुल 282 क्विंटल के विरुद्ध केवल 122.98 क्विंटल चावल प्राप्त हुआ, जबकि 156 क्विंटल चावल अब भी लंबित है। जनप्रतिनिधियों के बयान। चन्द्रलेखा सिंह मरकाम (सरपंच) ने कहा, “गरीब परिवारों का हक अधूरा नहीं रहना चाहिए। तत्काल शेष 156 क्विंटल चावल का आबंटन कर स्थिति स्पष्ट की जाए।”
सावन (उपसरपंच) ने कहा,“लगातार दूसरे महीने भी यही स्थिति बनी रही तो ग्रामीणों का विश्वास डगमगा जाएगा। प्रशासन त्वरित हस्तक्षेप करे।” कमलेश कुर्रे (सभापति, जनपद पंचायत पाली) ने कहा,“मामले की निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदारों पर कार्रवाई हो। पीडीएस में लापरवाही अस्वीकार्य है।”
चेतावनी
जनप्रतिनिधियों ने स्पष्ट किया है कि यदि 03 दिवस के भीतर जनवरी व फरवरी 2026 की शेष 156 क्विंटल चावल का भंडारण नहीं कराया गया तो हरदी बाजार–बलौदा मुख्य मार्ग पर अनिश्चितकालीन धरना-प्रदर्शन किया जाएगा। ग्रामीणों ने प्रशासन से तत्काल और ठोस निराकरण की मांग की है।
0 Comments