प्रमोद कुमार बंजारे संभाग ब्यूरो चीफ
कोरबा ( सुघर गांव ) । 77 वें गणतंत्र दिवस के गौरवशाली अवसर पर जिला न्यायालय परिसर कोरबा में गरिमामय समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में प्रधान जिला एवं सत्र न्यायाधीश संतोष शर्मा ने तिरंगा फहराया और राष्ट्रगान के साथ तिरंगे को सलामी दी।ध्वजारोहण के पश्चात अपने संबोधन में प्रधान जिला न्यायाधीश संतोष शर्मा ने सभी न्यायिक अधिकारियों, कर्मचारियों और अधिवक्ता संघ को गणतंत्र दिवस की बधाई दी। उन्होंने भारतीय संविधान की गरिमा, न्यायिक मूल्यों और कर्तव्य निष्ठा के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि संविधान हमें अधिकारों के साथ-साथ महत्वपूर्ण दायित्व भी प्रदान करता है। उन्होंने न्यायिक जगत से जुड़े सभी पक्षों से आह्वान किया कि न्याय व्यवस्था को अधिक संवेदनशील, सशक्त और जनहितकारी बनाने के लिए निरंतर प्रयास करें। उन्होंने समय पर न्याय और आम जनमानस के हितों की रक्षा के लिए पूरी निष्ठा के साथ कार्य करने पर बल दिया। इस अवसर पर जिले के समस्त न्यायिक अधिकारी, न्यायालयीन कर्मचारी और बड़ी संख्या में अधिवक्तागण उपस्थित रहे। पूरे परिसर में देशभक्ति का वातावरण रहा और सभी ने एकजुट होकर देश की एकता और अखंडता को अक्षुण्ण बनाए रखने का संकल्प लिया।
0 Comments