लोनर हाथी का कहर गांव में घुस कर मचाया आतंक,महिला को कुचलकर ली जान

लोनर हाथी का कहर गांव में घुस कर मचाया आतंक,महिला को कुचलकर ली जान 
    विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो 
कोरबा (सुघर गांव)। 19 दिसंबर 2025,
जिले के पाली वन परिक्षेत्र के अंतर्गत बीते 04 दिनों से विचरण कर रहा एक लोनर हाथी मंगलवार रात जानलेवा साबित हुआ। हाथी की दहशत ने पहले गांव में अफरा-तफरी मचाई और बाद में एक महिला की दर्दनाक मौत का कारण बन गया। घटना के बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल व्याप्त है।
     गांव में अचानक घुसा हाथी,मची भगदड़ 
 मंगलवार देर रात ग्राम पोटापानी–सोनाईपुर में हाथी की मौजूदगी से ग्रामीणों में हड़कंप मच गया। हाथी को गांव की ओर बढ़ता देख लोगों ने मशालें जलाकर और पटाखे फोड़कर उसे भगाने की कोशिश की। शुरुआत में हाथी पीछे हटा, लेकिन कुछ ही देर में वह अचानक उग्र हो गया।
      वन अमले को भी दौड़ाया,हालात हुए बेकाबू
 हाथी के आक्रामक रुख के चलते मौके पर मौजूद वन विभाग की टीम को भी जान बचा कर भागना पड़ा। कुछ समय के लिए हालात पूरी तरह बेकाबू हो गए और ग्रामीणों में जान का भय बना रहा।
काफी मशक्कत के बाद गांव से बाहर खदेड़ा गया हाथी
वन विभाग की टीम और ग्रामीणों के संयुक्त प्रयास से कड़ी मशक्कत के बाद हाथी को गांव की सीमा से बाहर किया गया। ग्रामीणों ने राहत की सांस ली, लेकिन यह राहत कुछ ही घंटों की साबित हुई।
    लीमपानी में महिला को कुचलकर मार डाला
गांव से निकलने के बाद हाथी लीमपानी क्षेत्र की ओर बढ़ गया,जहां रात के अंधेरे में उसने एक महिला पर हमला कर दिया। हाथी के पैरों तले कुचलने से महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
              मृतका की पहचान
हाथी के हमले में जान गंवाने वाली महिला की पहचान - फुलसुंदरी यादव, पति – टीकैत राम, उम्र – लगभग 50 वर्ष, के रूप में हुई है।
 सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस और वन विभाग
घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस और वन विभाग की टीम मौके पर पहुंची। शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की गई और आगे की कानूनी प्रक्रिया शुरू की गई।
       इलाके में दहशत ग्रामीणों में आक्रोश
लगातार हो रही हाथी की आवाजाही से आस पास के गांवों में डर का माहौल है। लोग रात भर जागकर पहरा देने को मजबूर हैं। ग्रामीणों ने वन विभाग से हाथी को स्थायी रूप से जंगल की ओर खदेड़ने और सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम करने की मांग की है।
      वन विभाग ने की सतर्क रहने की अपील
वन विभाग द्वारा हाथी की लगातार निगरानी की जा रही है। आस पास के गांवों के लोगों को रात में बाहर न निकलने और सतर्क रहने की अपील की गई है।

Post a Comment

0 Comments