एनटीपीसी कोरबा में ठेका श्रमिकों का खुला शोषण,ओम कंस्ट्रक्शन पर गंभीर आरोप,वेतन कटौती और धमकियों से त्रस्त श्रमिक पहुंचे थाना

एनटीपीसी कोरबा में ठेका श्रमिकों का खुला शोषण,ओम कंस्ट्रक्शन पर गंभीर आरोप,वेतन कटौती और धमकियों से त्रस्त श्रमिक पहुंचे थाना
    विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो
कोरबा (सुघर गांव)। 16 दिसंबर 2025, जिले के दर्री थाना क्षेत्र अंतर्गत स्थित एनटीपीसी कोरबा परियोजना में ठेका श्रमिकों के शोषण का गंभीर मामला सामने आया है। एनटीपीसी संयंत्र में कार्यरत ठेकेदार मेसर्स ओम कंस्ट्रक्शन पर श्रमिकों से जबरन कम वेतन में काम कराने, दस्तावेजों में पूरा भुगतान दिखाकर आधा पैसा देने और विरोध करने पर धमकी देने जैसे सनसनीखेज आरोप लगे हैं। पीड़ित श्रमिकों ने न्याय की गुहार लगाते हुए दर्री थाना में लिखित शिकायत दर्ज कराई है।
 एक साल से कर रहे काम,मिल रहा आधा वेतन
 श्रमिकों ने अपने आवेदन में बताया कि वे सभी सीएचपी ऑपरेशन एरिया,एनटीपीसी जमनीपाली में पिछले लगभग एक वर्ष से ओम कंस्ट्रक्शन के अधीन कार्यरत हैं। एनटीपीसी गाइडलाइन के अनुसार ₹760 प्रतिदिन का भुगतान दर्शाया जाता है, लेकिन वास्तविक रूप से श्रमिकों को केवल ₹400 प्रतिदिन ही दिया जाता है, पूरे वेतन की रसीद और दस्तावेजों पर जबरन हस्ताक्षर करवाए जाते हैं
    सुपरवाइजर और साइट इंचार्ज पर गंभीर आरोप 
श्रमिकों ने ठेकेदार के कर्मचारियों पर सीधा आरोप लगाते हुए नाम भी उजागर किए हैं - हरि वर्मन (सुपरवाइजर),हरीश कुमार प्रजापति, लक्ष्मीनारायण, इंद्रपाल सिंह (साइट इंचार्ज) आरोप है कि ये सभी मिलकर श्रमिकों पर दबाव बनाते हैं और पूरा वेतन मांगने पर अभद्र व्यवहार, गेट पास छीनने,काम से निकालने की धमकी दी जाती है
 बैंक खाते से पैसे निकालने का दबाव,जान से मारने की धमकी
 शिकायत में यह भी चौंकाने वाला खुलासा हुआ है कि, साइट इंचार्ज इंद्रपाल सिंह द्वारा श्रमिकों के बैंक खातों से ₹360 जबरन निकलवाने का दबाव बनाया जाता है, मना करने पर हाथ-पैर तुड़वाने और गंभीर अंजाम भुगतने की धमकी दी जाती है, यह तक कहा जाता है कि “ऊपर तक पहुंच है, कोई हमारा कुछ नहीं बिगाड़ सकता”
  03 दिनों से काम बंद,श्रमिकों में भय का माहौल
श्रमिकों का आरोप है कि,विगत तीन दिनों से बिना कारण काम से बैठा दिया गया है, शिकायत करने पर और गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी जा रही है, जिससे सभी श्रमिक बेरोजगारी और भय के साये में जीवन यापन कर रहे हैं
       एनटीपीसी प्रबंधन पर भी उठे सवाल
 एनटीपीसी जैसे प्रतिष्ठित केंद्रीय उपक्रम के परिसर में यदि ठेका श्रमिकों का इस तरह शोषण हो रहा है,तो यह प्रबंधन की निगरानी व्यवस्था पर भी सवाल खड़े करता है। अब आवश्यकता है कि एनटीपीसी प्रबंधन स्वत - संज्ञान ले ठेकेदार ओम कंस्ट्रक्शन के विरुद्ध कड़ी वैधानिक कार्रवाई की जाए
           थाना प्रभारी ने दिया आश्वासन
 दर्री थाना प्रभारी निरीक्षक नागेश तिवारी ने श्रमिकों को आश्वस्त किया है कि, उनके लिखित आवेदन पर गंभीरता से विचार किया जाएगा, जांच के बाद उचित एवं वैधानिक कार्रवाई की जाएगी

Post a Comment

0 Comments