विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो
कोरबा (सुघर गांव)। 06 दिसंबर 2025, जिले अंतर्गत में कोतवाली थाना क्षेत्र के सीतामढ़ी मुख्य मार्ग पर स्थित चंदेला होटल में शुक्रवार सुबह एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई। होटल के रूम नंबर 207 से 20 वर्षीय युवती का संदिग्ध हालत में शव मिलने के बाद पूरे इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस टीम, एफएसएल विशेषज्ञ और वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंच गए और कमरे की बारीकी से जांच शुरू कर दी।
पहचान हुई मृतका की
पुलिस ने मृतका की पहचान संध्या दास (20), निवासी मरकीडीह (जांजगीर-चांपा) के रूप में की है। होटल प्रबंधन के मुताबिक संध्या गुरुवार को जांजगीर निवासी राकेश कुमार मानिकपुरी के साथ होटल में ठहरी थी। दोनों ने बताया था कि वे कोरबा में एक शादी समारोह में शामिल होने आए हैं।
कमरे में मिली लाश युवक गायब
होटल कर्मचारियों ने बताया कि गुरुवार रात दोनों अपने कमरे में लौटे थे, लेकिन शुक्रवार सुबह देर तक कोई हलचल न होने पर जब स्टाफ ने दरवाजा खटखटाया तो उन्हें रूम अंदर से शांत मिला। चाबी मास्टर से खोले जाने पर युवक राकेश गायब मिला, जबकि युवती बिस्तर पर मृत अवस्था में पड़ी थी। इसके बाद तुरंत पुलिस को इसकी सूचना दी गई।
फॉरेंसिक टीम ने जुटाए अहम सैंपल
अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नीतिश ठाकुर ने बताया कि मृतका के परिजनों को सूचना भेज दी गई है। उनके बयान दर्ज होने के बाद आगे की दिशा तय की जाएगी। एफएसएल टीम ने कमरे से कई महत्वपूर्ण साक्ष्य इकट्ठा किए हैं। पुलिस युवक राकेश मानिकपुरी को मामले में संदिग्ध मानते हुए उसकी तलाश तेज कर चुकी है। होटल परिसर और आसपास के सीसीटीवी फुटेज खंगाले जा रहे हैं तथा स्टाफ से भी पूछताछ जारी है।
पोस्टमार्टम रिपोर्ट का इंतजार
फिलहाल युवती की मौत की वजह स्पष्ट नहीं है। पुलिस हर एंगल से जांच कर रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही यह पता चल सकेगा कि यह आत्महत्या है, हत्या है या कोई और कारण।
0 Comments