कलिंगा की मनमानी आसमान पर,KCC कंपनी द्वारा निकाले गए मजदूरों की पुनः बहाली की मांग — 21 नवंबर को शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन की घोषणा।


प्रमोद कुमार बंजारे संभाग ब्यूरो चीफ 

कोरबा ( सुघर गांव )। 13 नवंबर 2025 जिले के पाली ब्लॉक अंतर्गत एसईसीएल दीपका क्षेत्र अंतर्गत संचालित कलिंगा कंपनी (KCC) के मेष सेक्शन में कार्यरत लगभग 20 मजदूरों को कंपनी प्रबंधन द्वारा दिनांक 25 सितंबर 2025 को बिना किसी पूर्व सूचना या उचित कारण बताए अचानक कार्य से हटा दिया गया। इन मजदूरों की सेवा समाप्ति से उनके परिवारों की आर्थिक स्थिति अत्यंत गंभीर एवं दयनीय हो गई है। ये सभी मजदूर लंबे समय से नियमित रूप से कार्यरत थे और अपने परिश्रम से उत्पादन कार्य में निरंतर योगदान दे रहे थे। अचानक लिए गए इस निर्णय से मजदूर वर्ग में गहरा असंतोष और आक्रोश व्याप्त है। गोंडवाना गणतंत्र पार्टी के ब्लॉक अध्यक्ष हरदी बाजार राधेश्याम आयाम के नेतृत्व में मजदूरों ने एसईसीएल दीपका क्षेत्र के मुख्य महाप्रबंधक महोदय को ज्ञापन सौंपकर अनुरोध किया है कि उक्त मजदूरों की समस्या का सहानुभूतिपूर्वक समाधान करते हुए उन्हें पूर्व कार्यस्थल पर पुनः बहाल किया जाए। श्री आयाम ने कहा कि यदि मजदूरों की बहाली को लेकर शीघ्र सकारात्मक निर्णय नहीं लिया गया, तो दिनांक 21 नवंबर 2025 को एसईसीएल क्षेत्रीय कार्यालय, दीपका के समक्ष शांतिपूर्ण धरना प्रदर्शन किया जाएगा। उन्होंने कहा कि “यह आंदोलन पूर्णतः शांतिपूर्ण, लोकतांत्रिक एवं अनुशासित ढंग से किया जाएगा, और इसका उद्देश्य केवल न्याय एवं रोजगार की पुनर्बहाली है। मजदूरों के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। हम उनके अधिकारों के लिए हर स्तर पर संघर्ष करेंगे।”इस अवसर पर रामप्यारी ध्रुव (महिला प्रभाग अध्यक्ष) एवं GSU प्रमुख पंकज कंवर ने संयुक्त बयान जारी कर कहा कि “KCC कंपनी द्वारा मजदूरों को बिना कारण हटाया जाना श्रमिक अधिकारों का उल्लंघन है। प्रशासन एवं कंपनी प्रबंधन को चाहिए कि इस विषय में जल्द से जल्द न्यायोचित निर्णय लिया जाए। अंत में मजदूर संगठन ने प्रशासन से अपील की है कि मजदूरों की बहाली संबंधी मांगों पर गंभीरता से विचार कर, शीघ्र समाधान निकालने की दिशा में कदम उठाए जाएं, ताकि क्षेत्र में शांति, न्याय और औद्योगिक समरसता बनी रहे। इस मौके पर धनेश यादव, राहुल श्याम, सतीश, नवधा, मनमोहन पटेल, रामेश्वर, राजेश्वर तथा अन्य श्रमिक साथी उपस्थित रहे।

गोंडवाना गणतंत्र पार्टी ब्लॉक इकाई हरदी बाजार

Post a Comment

0 Comments