सिविक सेंटर की टूटी सड़कों पर हितानंद का वार - बालको प्रबंधन से तत्काल मरम्मत की मांग*

*सिविक सेंटर की टूटी सड़कों पर हितानंद का वार - बालको प्रबंधन से तत्काल मरम्मत की मांग* 
  विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो  
कोरबा (सुघर गांव)। 04 नवंबर 2025, कोरबा जिले का औद्योगिक दिल कहा जाने वाला बालको नगर सिर्फ एल्युमिनियम उत्पादन के लिए ही नहीं, बल्कि अपने सिविक सेंटर व्यापारिक क्षेत्र के लिए भी जाना जाता है। यह इलाका हर दिन सैकड़ों खरीदारों से गुलज़ार रहता है, लेकिन इन दिनों यहां की सड़कें जर्जर हालत में लोगों की परेशानी बढ़ा रही हैं।
 *गड्ढों में तब्दील सड़कें,मुश्किल में आमजन व व्यापारी* सिविक सेंटर की मुख्य सड़क जगह-जगह से उखड़ चुकी है। बड़े-बड़े गड्ढों के कारण दोपहिया वाहन चालकों से लेकर पैदल यात्रियों तक को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। बारिश के दिनों में हाल और भी खराब हो जाता है।
 *हितानंद अग्रवाल ने उठाई आवाज़,बालको प्रबंधन को लिखा पत्र* 
वार्ड 43 के पार्षद और पूर्व नेता प्रतिपक्ष हितानंद अग्रवाल ने इस गंभीर समस्या पर संज्ञान लेते हुए बालको प्रबंधन को पत्र लिखा है। उन्होंने कहा कि सिविक सेंटर बालको नगर का ‘हृदय स्थल’ है, जहां पूरे शहर के लोग अपनी दैनिक जरूरतों की खरीददारी के लिए आते हैं। ऐसे में यहां की सड़कें खराब होना जनता के साथ अन्याय है।
 *सेक्टर 3 का कच्चा रास्ता भी बने पक्का – अग्रवाल की मांग* 
हितानंद ने अपने पत्र में यह भी कहा कि सेक्टर 1, 2 और 3 के लोगों के लिए सिविक सेंटर पहुंचने वाला छोटा रास्ता — जो दुर्गा पंडाल (सेक्टर 3) के पास से होकर जाता है — अब भी कच्ची मिट्टी का है। यह मार्ग रोजाना इस्तेमाल किया जाता है, इसलिए इसे भी पक्का सड़क मार्ग के रूप में विकसित किया जाए।
 *“जनसुविधा सर्वोपरि” — हितानंद अग्रवाल*
 हितानंद ने कहा - “नगरवासियों की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए सिविक सेंटर की सड़कें और सेक्टर 3 का कच्चा रास्ता जल्द से जल्द दुरुस्त कराया जाए। व्यापार और जन जीवन दोनों इस हालात से प्रभावित हो रहे हैं।”

Post a Comment

0 Comments