स्वास्थ्य जागरूकता की मिसाल बनी मितानिनों के योगदान को मिला सम्मान
विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो
कोरबा (सुघर गांव)। 23 नवंबर 2025, मितानिन दिवस पर कोरबा जिला पंचायत उपाध्यक्ष निकिता मुकेश जयसवाल ने प्रदेश भर की सभी मितानिन माताओं - बहनों को हार्दिक शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि मितानिन बहनें ग्रामीण समाज को स्वास्थ्य के प्रति जागरूक बनाने में अद्वितीय भूमिका निभा रही हैं। उन्होंने कहा कि एक महिला होने के नाते वे मितानिनों की जिम्मेदारियों और उनके निरंतर प्रयासों को गहराई से समझती हैं।
“मितानिन बहनें स्वास्थ्य सेवा की सबसे मजबूत कड़ी”
उपाध्यक्ष ने मितानिनों की प्रशंसा करते हुए कहा कि - उनकी व्यवहार-कुशलता और संवेदनशीलता अनुकरणीय है। गाँव - गाँव जा कर लोगों को स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ना उनका असाधारण समर्पण है। प्रसूता सहायता,टीकाकरण और जागरूकता अभियान में उनकी भूमिका बहुत महत्वपूर्ण है। महिलाओं और बच्चों के प्रति उनका अपनापन और देखभाल का भाव विशेष पहचान बन चुका है। हर परिस्थिति में धैर्य और मानवता के साथ काम करना उन्हें अनूठा और सराहनीय बनाता है।
“हर घर की सच्ची साथी-मितानिन”
निकिता मुकेश जयसवाल ने कहा कि मितानिन बहनें सिर्फ स्वास्थ्य कर्मी नहीं, बल्कि हर परिवार की भरोसेमंद साथी हैं। बीमारी के समय सही सलाह देना हो या किसी प्रसूता को सुरक्षित मातृत्व की दिशा देना - मितानिन हमेशा सबसे पहले खड़ी दिखाई देती हैं। उनके प्रयासों से ही ग्रामीण समाज में स्वास्थ्य के प्रति जागरूकता और सकारात्मकता बनी रहती है।
मितानिन दिवस पर विशेष बधाई
अंत में उपाध्यक्ष ने कहा -“आप सभी मितानिन बहनें हमारे समाज की शक्ति हैं। आपका परिश्रम, स्नेह और सेवा ही स्वस्थ व समृद्ध समाज की आधारशिला है। मितानिन दिवस पर आप सभी को हार्दिक बधाई और शुभकामनाएँ।”
0 Comments