विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो चीफ
कोरबा ( सुघर गांव )। जिले अंतर्गत ग्राम्य भारती महाविद्यालय हरदीबाजार के छात्र-छात्राओं ने कॉलेज आने-जाने में हो रही भारी दिक्कतों और हाल ही में हुई दर्दनाक सड़क दुर्घटना के बाद आक्रोश जताते हुए बस सुविधा की तत्काल व्यवस्था की माँग की है। विदित हो कि कॉलेज नए स्थल पर संचालित है, जो हरदीबाजार मुख्य मार्ग से लगभग 2 किलोमीटर दूर स्थित है। बस सुविधा न होने के कारण छात्र-छात्राओं को रोजाना पैदल जाना पड़ता है। इसी दौरान 01 सितम्बर को सड़क दुर्घटना में एक छात्रा ज्योति भारद्वाज की मौत हो गई और एक छात्र गंभीर रूप से घायल हो गया। इस घटना से छात्र-छात्राओं और अभिभावकों में गहरा रोष है।छात्रों का कहना है कि कई बार प्रशासन और एसईसीएल प्रबंधन से कॉलेज बस सुविधा की माँग की गई, लेकिन आज तक कोई ठोस कदम नहीं उठाया गया। साथ ही कॉलेज परिसर में लंबे समय से पड़े कबाड़ और अनुपयोगी सामान को लेकर भी छात्रों ने असंतोष जताया, जिसे वे अपनी सुरक्षा और स्वच्छता के लिए ख़तरा मानते हैं। एनएसयूआई जिलाध्यक्ष (ग्राम्य) मनमोहन राठौर ने कलेक्टर को ज्ञापन सौंपते हुए कहा कि :– “यदि 7 दिनों के भीतर कॉलेज बस सुविधा, परिसर की स्वच्छता व्यवस्था और विद्यार्थियों की सुरक्षा हेतु ठोस कार्रवाई नहीं की गई, तो छात्र-छात्राएँ विवश होकर बड़े स्तर पर आंदोलन करेंगे। 3 सितम्बर से बजरंग चौक, सराईसिगार में अनिश्चितकालीन चक्काजाम की तैयारी है।”
छात्रों की प्रमुख माँगें :–
1. कॉलेज विद्यार्थियों के लिए तत्काल बस सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
2. पर्याप्त और सुरक्षित परिवहन प्रणाली सुनिश्चित की जाए।
3. कॉलेज परिसर से कबाड़ एवं अनुपयोगी सामान हटाया जाए।
4. मृतक छात्रा के परिवार को अधिकतम आर्थिक सहयोग राशि दी जाए।
इस घटना और आंदोलन की चेतावनी के बाद अब छात्र-छात्राओं, पालकों और आम जनता की निगाहें प्रशासन व एसईसीएल प्रबंधन पर टिकी हुई हैं कि वे कब तक इस गंभीर समस्या पर ठोस कदम उठाते हैं।
0 Comments