विष्णु कुमार यादव जिला ब्यूरो चीफ
कोरबा (सुघर गांव न्यूज) । जिले के पाली ब्लॉक अंतर्गत ग्राम पंचायत उतरदा स्थित मोहल्ला रेलडबरी, जो कि स्थानीय विधायक का निवास क्षेत्र भी है, वहां मंगलवार दोपहर एक चौंका देने वाली लूट की वारदात सामने आई है। दिनदहाड़े किराना दुकान में घुसकर एक अज्ञात युवक ने दुकान संचालक की पत्नी के गले से सोने का लॉकेट लूट लिया और बाइक सवार साथी के साथ फरार हो गया। यह पूरी घटना सीसीटीवी कैमरे में कैद हो चुकी है और वीडियो अब सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।
वारदात का पूरा घटनाक्रम
घटना दोपहर 2:51 बजे की बताई जा रही है। रेलडबरी मोहल्ले में भागबली पटेल की किराना दुकान है, जहां उस वक्त उनकी पत्नी कुंजमती पटेल अकेली दुकान संभाल रही थीं। उसी दौरान दो अज्ञात युवक वहां पहुंचे। एक युवक दुकान से करीब 50 मीटर की दूरी पर बाइक स्टार्ट हालत में खड़ा रहा, जबकि दूसरा युवक सूट-बूट और चश्मा पहने हुए, स्मार्ट अंदाज़ में ग्राहक बनकर दुकान के अंदर दाखिल हुआ। युवक ने दुकान में घुसते ही राजश्री गुटखा मांगा। कुंजमती ने जैसे ही गुटखा देने के लिए हाथ बढ़ाया, युवक ने अचानक उनके गले में पहना सोने का लॉकेट झपट लिया और तेजी से बाहर निकल गया। बाहर खड़ा उसका साथी पहले से तैयार बाइक के साथ मौजूद था, और दोनों कुछ ही सेकंड में आंखों से ओझल हो गए।
सीसीटीवी फुटेज में कैद हुआ चेहरा, वीडियो वायरल
इस घटना की पुष्टि दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे से हुई है। लूट की पूरी वारदात कैमरे में साफ रिकॉर्ड हुई है, जिसमें आरोपी का चेहरा भी स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है। फुटेज वायरल होने के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और आम जनता में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर गहरा आक्रोश है।
थाने में रिपोर्ट दर्ज, जांच शुरू
घटना के तुरंत बाद पीड़ित महिला ने अपने पति और परिजनों को सूचना दी। शाम को हरदीबाजार थाना जाकर उन्होंने मामले की एफआईआर दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए सीसीटीवी फुटेज कब्जे में ले लिया है और आरोपी की पहचान और गिरफ्तारी के प्रयास तेज़ कर दिए हैं। स्थानीय नागरिकों में आक्रोश: विधायक निवास क्षेत्र में भी सुरक्षित नहीं महिलाएं! रेलडबरी मोहल्ले के लोगों में इस घटना के बाद भय और आक्रोश का माहौल है। लोग सवाल उठा रहे हैं कि जब विधायक निवास क्षेत्र में ही दिनदहाड़े ऐसी लूट हो सकती है, तो बाकी इलाकों की स्थिति क्या होगी? मोहल्लेवासियों ने रात्रिकालीन गश्त और सीसीटीवी कैमरे की निगरानी मजबूत करने की मांग की है।
जिम्मेदारों से सीधे सवाल
1. विधायक निवास क्षेत्र में भी महिलाओं की सुरक्षा क्यों नहीं सुनिश्चित हो पा रही है?
2. स्थानीय पुलिस की गश्त और निगरानी में चूक किस स्तर पर हुई?
3. क्या अपराधियों को पहले से इस क्षेत्र की जानकारी थी, और यह लूट सुनियोजित थी?
4. अब तक आरोपी की गिरफ्तारी नहीं होना क्या प्रशासन की सुस्ती को नहीं दर्शाता?
0 Comments