मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने करिगांव में पीपल के पेड़ के नीचे लगाया चौपाल,ग्रामीणों से सीधे संवाद कर सुना जन समस्याएं
सक्ती (सुघर गांव)। 06 मई 2025,
सुशासन तिहार के 03 चरण के तहत मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय अचानक सक्ती जिले के ग्राम करिगांव पहुंचे। अपने सहज और जनसंपर्क की शैली में मुख्यमंत्री श्री साय ने गांव में पीपल के पेड़ के नीचे खाट पर बैठ कर चौपाल लगाई और ग्रामीणों से सीधे संवाद किया।
मुख्यमंत्री ने ग्रामीणों से शासकीय योजनाओं के जमीनी क्रियान्वयन की जानकारी ली और उनकी समस्याएं,मांगें तथा शिकायतें सुनीं। इस दौरान उन्होंने कई अहम घोषणाएं भी कीं। गांव के नोनी मैया दाई मंदिर के सौंदर्यीकरण की घोषणा करते हुए मुख्यमंत्री ने पटवारी को सप्ताह में एक दिन गांव में बैठने और राजस्व मामलों का समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके साथ ही नए ग्राम पंचायत भवन के निर्माण की घोषणा भी की गई। मुख्यमंत्री श्री साय ने कहा कि सुशासन तिहार में सरकार खुद गांव - गांव जा कर लोगों से संवाद कर रही है। उनके साथ मुख्य सचिव अमिताभ जैन,प्रमुख सचिव सुबोध सिंह और सचिव पी.दयानंद भी उपस्थित रहें।
उन्होंने महतारी वंदन योजना, पीएम आवास योजना,कृषक उन्नति योजना,पीडीएस और आयुष्मान भारत योजना की प्रगति की समीक्षा की।
मुख्यमंत्री ने बताया कि गंभीर बीमारियों के इलाज हेतु आयुष्मान कार्ड के माध्यम से 05 लाख रुपये तक की सहायता दी जा रही है। उन्होंने गांव की आंगनबाड़ी और स्कूल के संचालन का जायजा भी लिया और बच्चों को दी जा रही सुविधाओं की समीक्षा की। गिरते भूजल स्तर पर चिंता जताते हुए उन्होंने कम पानी में अधिक उत्पादन देने वाली फसलों की ओर बढ़ने की सलाह दी। तालाब किनारे की जमीन से जुड़ी शिकायत पर मुख्यमंत्री ने तत्काल कलेक्टर को नापजोख कर समस्या का समाधान करने के निर्देश दिए। इस दौरान मुख्यमंत्री को ग्रामीणों से कई आवेदन भी प्राप्त हुए। मुख्यमंत्री के अचानक गांव पहुंचने से ग्रामीणों में उत्साह और खुशी का माहौल देखने को मिला। इस अवसर पर सरपंच कंचन मधुकर सहित अधिक संख्या में ग्रामीण उपस्थित रहें।
0 Comments