ग्राम टेकारी में समाधान शिविर में शामिल हुए गर्मी और पानी की समस्या पर अधिकारियों को लगाया सख्त फटकार
आरंग (सुघर गांव)। 19 मई 2025,
छत्तीसगढ़ के यशस्वी मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के कुशल नेतृत्व में प्रदेशभर में ‘सुशासन तिहार’ के अंतर्गत समाधान शिविरों का आयोजन किया जा रहा है।
इसी क्रम में आज आरंग विधानसभा क्षेत्र के ग्राम पंचायत टेकारी स्थित हाई स्कूल परिसर में समाधान शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में मुख्य अतिथि के रूप में गुरु खुशवंत साहेब आरंग विधायक एवं उपाध्यक्ष अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण छत्तीसगढ़ शासन की गरिमामयी उपस्थिति रही। गुरु साहेब ने शिविर स्थल पर आमजन की समस्याएं गंभीरता पूर्वक सुनीं और विशेष रूप से पेयजल संकट पर चिंता जताते हुए उपस्थित अधिकारियों को सख्त निर्देश दिए।
उन्होंने स्पष्ट कहा - गर्मी के इस विकट समय में यदि किसी भी नागरिक को पानी जैसी मूलभूत सुविधा से वंचित रहना पड़ रहा है, तो यह शासन की मंशा के प्रतिकूल है।उन्होंने अधिकारियों को चेताया कि आमजनों की समस्याओं का त्वरित और प्रभावी समाधान शासन की सर्वोच्च प्राथमिकता है, और इस दिशा में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी। शिविर में मौके पर ही मनरेगा जॉब कार्ड, ऋण पुस्तिका, राशन कार्ड, ड्राइविंग लाइसेंस, ट्राइसाईकिल, व्हीलचेयर, किसानों के लिए खाद, स्प्रेयर आदि का वितरण किया गया। इससे बड़ी संख्या में लोगों को तात्कालिक लाभ प्राप्त हुआ और शासन की योजनाओं के प्रति विश्वास भी मजबूत हुआ। समाधान शिविर में विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे और जनसुनवाई के माध्यम से कई समस्याओं का मौके पर ही समाधान किया गया।
गुरु खुशवंत साहेब ने कहा कि मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी की मंशा है कि शासन की योजनाओं व सेवाओं का सीधा लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचे। इस दिशा में प्रत्येक अधिकारी की जवाबदेही तय है,और इसमें किसी प्रकार की कोताही स्वीकार्य नहीं होगी।
0 Comments