हर्रा पेड़ की छांव में समाधान शिविर का आयोजन कलेक्टर ने कहा बेटियों को खूब पढ़ाएं, पानी बचाएं और दलहन-तिलहन की खेती करें

हर्रा पेड़ की छांव में समाधान शिविर का आयोजन
  कलेक्टर ने कहा बेटियों को खूब पढ़ाएं, पानी बचाएं और दलहन-तिलहन की खेती करें
    कोरिया (सुघर गांव)। 18 मई 2025,
सुशासन तिहार के 03 चरण के तहत सोनहत विकास खण्ड के ग्राम अकलासरई में नीम-आम-और औषधीय हर्रा पेड़ की छांव में आयोजित हुआ। कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी ने ग्रामीणों को बताया कि सुशासन तिहार के पहले चरण में समाधान पेटी में आवेदन प्राप्त किए हैं,फिर उस आवेदन का समाधान किया है और अब तीसरे चरण के तहत प्राप्त आवेदनों पर की गई कार्यवाही के बारे में जानकारी दी जा रही है। उन्होंने कहा कि कुछ आवेदन शासन स्तर पर ही स्वीकृति मिलेगी।
        *सोनहत 'सोना' है*
कलेक्टर श्रीमती चन्दन त्रिपाठी ने ग्रामीणों से कहा की हमारा सोनहत हरे-भरे जंगलों से घिरा खूबसूरत जगह है,यह 'सोना' है। हम सबकी जिम्मेदारी है कि इसकी खूबसूरती को बचाए रखने के लिए इसलिए हर व्यक्ति को पानी बचाना होगा। 
       *खेत के ढलान में सोख्ता बनाएं*
उन्होंने कहा कि आने वाले बरसाती पानी को रोकने के लिए खेत के ढलान में एक सोख्ता बनाया जाए ताकि 'धरती माता' के भीतर पानी जाएगा, (जमीन के नीचे) जिससे भूजल स्तर बढ़ेगा। कलेक्टर ने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय ने 'मोर गांव-मोर पानी' अभियान शुरू की है और जिले में 'आवा पानी झोंकी अभियान' चलाया जा रहा है। इसलिए इसमें सबकी जनभागीदारी आवश्यक है। कलेक्टर ने कहा पानी की एक-एक बूंद बचाना होगा, हरियाली तभी जीवित रहेगी।
   *प्लास्टिक के उपयोग से पर्यावरण  को नुकसान*
कलेक्टर ने कहा कि प्लास्टिक के उपयोग से पर्यावरण को नुकसान हो रहा है, पेड़, तालाब, नदियां, जीव- जंतुओं और मानव को भी इससे बहुत नुकसान हो रहा है, इसलिए इसके उपयोग को बंद करना होगा।
कलेक्टर ने ग्रामीणों, किसानों को जल संरक्षण पर शपथ दिलाते हुए कहा कि धान के साथ अब दलहन-तिलहन की खेती भी करें ताकि भोजन में चावल के साथ दाल, सब्जी भी परोसे जाए यह तभी होगा, जब जिले के किसान दलहन-तिलहन की पैदावार अधिक करेंगे।
      *बाल विवाह पर चिंता व्यक्त की*
कलेक्टर ने चिंता व्यक्त करते हुए कहा कि कोरिया जिले में बाल विवाह का प्रकरण 22 प्रतिशत से अधिक है, इसलिए हर माता-पिता व समाज प्रमुख की जिम्मेदारी है कि कम उम्र में किसी भी लड़की-लड़के का विवाह होने न दें। उन्होंने सभी माता-पिता से यह भी आग्रह किया की कि किसी भी हालत में भ्रूण हत्या न होने दें, यह पाप है और अपराध भी है। कलेक्टर ने जोर देते हुए कहा कि हर बेटियों को पढ़ने का अधिकार है, इसलिए उन्हें खूब पढ़ाएं।
     *बेटियों ने ही आतंकवादियों के ठिकानों को 
        किया ध्वस्त*
'ऑपरेशन सिंदूर' का ज़िक्र करते हुए कहा कि बेटियों ने ही इस युद्ध की नेतृत्व की है और आतंकवादियों के ठिकानों को ध्वस्त किया है, इसलिए बेटियों का मान करें, सम्मान करें और आगे बढ़ने दें।
पुलिस अधीक्षक रवि कुमार कुर्रे ने कहा ज्यादातर वाहन चालक शराब व अन्य नशे सेवन करके वाहन चलाते हैं, जो दुर्घटना का कारण बनते है, जो  चिंताजनक है, इनसे बचने की जरूरत है। उन्होंने यह भी कहा कि किसी भी हालत में नाबालिग लड़कियों को बहला-फुसलाकर या प्रेम प्रसंग में फंसकर भगा कर नहीं ले जाएं और ऐसे कृत्य करने वालों पर पॉक्सो एक्ट के तहत कार्यवाही की जाएगी। समाधान शिविर में कुछ देर के लिए आंधी-तूफान के साथ बारिश होने लगी,लेकिन अधिक संख्या में ग्रामीण जन उपस्थित रहें। समाधान शिविर स्थल पर आयुष्मान कार्ड,जाति प्रमाण पत्र,किसान पुस्तिका, प्रधानमंत्री आवास योजना(ग्रामीण) के तहत चाबी एवं दिव्यांगजनों को ट्रायसाइकिल,छड़ी आदि  हितग्राही मूलक सामग्रियों का वितरण किया गया। 
शिविर में जिला पंचायत के मुख्य कार्यपालन अधिकारी डॉ.आशुतोष चतुर्वेदी,जिला पंचायत सदस्य,जनपद पंचायत के अध्यक्ष,सदस्य सहित सरपंच,पंच व अधिकारी कर्मचारी जब सहित ग्रामीण जन उपस्थित रहें।

Post a Comment

0 Comments