डोड़की धान खरीदी केंद्र में भारी अनियमितता, टोकन कटने के बाद भी धान बेंचने 02 दिन से भटक रहे किसान, गुमराह कर वसूले जा रहे तय मानक से अधिक धान

    सक्ती (सुघर गांव) 17 जनवरी 2025   जिला मुख्यालय में एक तरफ जहां मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय के आगमन की जोरदार तैयारियां चल रहें है वहीं किसान हितैषी सरकार में दूसरी ओर किसान टोकन कटवाने के बाद भी धान बिक्री के लिए भटक रहे है। सक्ति जिला अंतर्गत सहकारी समिति डोड़की में धान खरीदी केंद्र में भारी अनियमितता सामने आ रहें है। केंद्र में प्रदीप कुमार निवासी ग्राम जाजंग (सक्ति) द्वारा 52 क्विंटल धान का बिक्री करने टोकन दिनांक 15 जनवरी को कटवाया गया था और उसी दिन फड़ में धान लेकर आए थे। किसान का धान फड़ में पड़ा हुआ है किंतु केंद्र में दूसरे दिन भी किसान का धान नहीं तौला गया। केंद्र में धान बिना तौल किए ही रख दिया गया। किसान 02 दिन से फड़ का चक्कर काट रहा है। फड़ प्रभारी की लापरवाही से किसान का धान 02 दिनों से नहीं तौला गया जिससे किसान परेशान था। वहीं किसानों ने बताया कि केंद्र में किसानों से 41.300 किलो प्रति बोरी तौल में भी लिया जा रहा है जो कि शासन के द्वारा तय किये गए मानक से ज्यादा है और ऐसा फड़ प्रभारी के कहने पर ही किया जा रहा है। किसानों ने बताया कि केंद्र प्रभारी के कहने पर किसान स्वयं ही तौल कार्य को करते है तथा बोरा भी सिलाई कर देते है।

अश्वनी पाण्डेय नोडल अधिकारी एवं सीमा सिंह ठाकुर खाद्य अधिकारी को दिया गया सूचना

          नोडल अधिकारी अश्वनी पाण्डेय को मामले की सूचना देने के बाद भी मामले को गंभीरता से नहीं लिया गया और न ही कोई कार्यवाही की गई। खाद्य अधिकारी सीमा सिंह ठाकुर को फोन करने पर उनके द्वारा फोन नहीं रिसीव किया गया। अनियमितता की शिकायत पर तहसीलदार सक्ति द्वारा पटवारी भूपेंद्र बरेठ निरीक्षण कर पंचनामा करने का आदेश दिया गया। पटवारी द्वारा मौके पर जा कर पंचनामा तैयार किया गया किन्तु फड़ प्रभारी और प्रबंधक द्वारा पंचनामा पर हस्ताक्षर करने से मना कर दिया गया और किसानों को भी हस्ताक्षर नहीं करने दिया।

किसानों से लूट,जेब भर रहे धान उपार्जन केंद्र के प्रभारी

            सक्ती जिला अंतर्गत आने वाले डोडकी धान खरीदी केंद्र में किसानों को गुमराह करके मानक तौल से ज्यादा धान लिया जा रहा है। भोले - भाले किसानों को गुमराह करके केंद्र में किसानों से प्रति बोरा 41.200 किलोग्राम से 41.400 किलोग्राम तक तौल लिया जा रहा है।
मामले के बारे में पूछने पर फड़ प्रभारी धनंजय साहू ने अपना पक्ष रखने से साफ़ इनकार कर दिया। वही प्रबंधक सुरेश गबेल से दूरभाष में पूछने पर उन्होंने सभी आरोपों को एक सिरे से खारिज कर दिया।

धान खरीदी केंद्र डोडकी में चल रहें धांधली की निष्पक्ष जांच की हैं जरूरत

        सक्ती जिला के धान खरीदी केंद्र डोडंकी में चल रही धांधली की जांच की नितांत आवश्यकता है। यहाँ किसानों को अंधेरे में रख कर निर्धारित तौल से अधिक धान लिया जा रहा है। टोकन कटने के बाद धान लेकर पहुँचे किसानों का धान 02 दिन से फड़ पर पड़ा रहता है,उसकी खरीदी मनमाने तरीके से किया जा रहा है। इससे संदेह प्रतीत होता है कि कहीं किसान का धान बिना तौल किए ही तो ऑनलाइन नहीं चढ़ा दिया जा रहा है?

जिम्मेदार अधिकारियों की भूमिका संदेहास्पद

फिलहाल तो धान खरीदी केंद्र में हो रहें अनियमिताओं की किसी सक्षम अधिकारी से निष्पक्ष जांच की सख्त आवश्यकता है। क्योंकि जिस तरह से जिम्मेदार अधिकारियों द्वारा सूचना मिलने के बाद भी जांच व कार्यवाही करने में कोई रुचि नहीं दिखाया जा रहा है उससे उनकी भूमिका भी संदेहास्पद प्रतीत हो रहें है। ऐसा लग रहा है कि डोडकी के फड़ प्रभारी धनंजय साहू और प्रबंधक सुरेश गभेल पर अधिकारियों का वरदहस्त है, जिसके कारण उनके द्वारा बेखौफ हो कर धान खरीदी में धांधली किया जा रहा है।

Post a Comment

0 Comments