सतनामी समाज द्वारा धर्मगुरु बालदास साहेब का अवतरण दिवस ‘सतनामी स्वाभिमान दिवस’ के रूप में मनाया जाएगा

शंकर लहरे संभाग प्रमुख 
रायपुर (सुघर गांव) 17 अक्टूबर 2024 छत्तीसगढ़ के सतनामी समाज के धर्मगुरु बालदास साहेब का अवतरण दिवस बड़े धूमधाम और श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। यह भव्य आयोजन 18 अक्टूबर 2024 को छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर स्थित बलबीर सिंह जुनेजा इंडोर स्टेडियम में सुबह 11 बजे से प्रारंभ होगा।
इस विशेष अवसर को सतनामी समाज हर वर्ष ‘सतनामी स्वाभिमान दिवस’ के रूप में मनाता है, जो समाज के गौरव, संस्कृति और पहचान का प्रतीक है। इस आयोजन में छत्तीसगढ़ राज्य के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय,विधानसभा अध्यक्ष डॉ. रमन सिंह,भारतीय जनता पार्टी के प्रदेशाध्यक्ष किरण सिंह देव, उप मुख्यमंत्री अरुण साव,और उप मुख्यमंत्री विजय शर्मा जैसे प्रतिष्ठित नेता भी शामिल होंगे। सतनामी समाज के राजमहंत, जिला महंत, सेक्टर महंत, भंडारी, साटीदार और विभिन्न संगठन प्रमुख भी इस अवसर पर उपस्थित रहेंगे। हजारों से अधिक संख्या में सतनामी समाज के सदस्य और अन्य समुदायों के प्रतिनिधि गण इस महोत्सव में भाग लेने की संभावना है।
इस अवसर पर कार्यक्रम के दौरान सतनामी समाज के विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले प्रतिभावान व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। समाज के विकास, शिक्षा, कला, संस्कृति और सामाजिक कार्यों में अद्वितीय योगदान देने वालों को यह सम्मान प्रदान किया जाएगा। यह सम्मान सतनामी समाज की नई पीढ़ी को प्रेरित करने का एक महत्वपूर्ण कदम है।
कार्यक्रम के दौरान विशिष्ट अतिथि समाज के विभिन्न वर्गों के बीच संवाद स्थापित करेंगे और समाज के विकास व योगदान पर अपने विचार साझा करेंगे। यह दिवस सतनामी समाज के स्वाभिमान, एकता और सांस्कृतिक धरोहर को सशक्त करने के प्रयास के रूप में देखा जा रहा है,जिसमें समाज के सभी वर्गों का सहयोग अपेक्षित है। इस आयोजन की पूरी तैयारी में आरंग विधायक और अनुसूचित जाति विकास प्राधिकरण के उपाध्यक्ष गुरु खुशवंत साहेब पूरी निष्ठा और समर्पण के साथ जुटे हुए हैं, ताकि यह कार्यक्रम सफलता पूर्वक संपन्न हो सके। सतनामी समाज के सभी सदस्यों और समर्थकों से अनुरोध किया जाता है कि वे इस महत्वपूर्ण अवसर पर अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित होकर इसे सफल बनाएं।

Post a Comment

0 Comments