धर्मगुरु बालदास साहेब के अवतरण दिवस पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का बड़ा संकल्प,पूरी विधायक वेतन राशि जनसेवा को करेंगे समर्पित

धर्मगुरु बालदास साहेब के अवतरण दिवस पर कैबिनेट मंत्री गुरु खुशवंत साहेब का बड़ा संकल्प,पूरी विधायक वेतन राशि जनसेवा को करेंगे समर्पित
   M-3 शासकीय निवास में आयोजित "सतनामी स्वाभिमान दिवस" में प्रदेशभर से उमड़ा सर्वसमाज, मानसी और धनेश्वरी को मिला लैपटॉप
   रायपुर (सुघर गांव)। 18 अक्तूबर 2026, 
सतनामी समाज के धर्मगुरु बालदास साहेब के अवतरण दिवस के पावन अवसर पर गुरु खुशवंत साहेब कैबिनेट मंत्री छत्तीसगढ़ शासन एवं विधायक आरंग के शासकीय निवास M-3 में सतनामी स्वाभिमान दिवस श्रद्धा, सामाजिक एकता, स्वाभिमान और जनसेवा के संदेश के साथ भव्य रूप से आयोजित किया गया। इस गरिमामय आयोजन में प्रदेश के विभिन्न जिलों से सर्वसमाज, सतनामी समाज एवं वरिष्ठ नेताओं सहित बड़ी संख्या में लोग शामिल हुए और धर्मगुरु बालदास साहेब के प्रति अपनी श्रद्धा एवं सम्मान व्यक्त किया। इस विशेष अवसर पर गुरु खुशवंत साहेब कैबिनेट मंत्री ने अपने पिताश्री के अवतरण दिवस को सेवा और शिक्षा के संकल्प से जोड़ते हुए अपनी पूरी विधायक वेतन राशि आरंग विधानसभा के जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए समर्पित करने की घोषणा की। साथ ही उन्होंने आरंग विधानसभा के मंदिर हसौद क्षेत्र की 02 प्रतिभावान छात्रा मानसी टंडन और धनेश्वरी यादव को अपनी वेतन राशि से लैपटॉप भेंट कर उनकी शैक्षणिक प्रगति को प्रोत्साहित किया। टॉप टेन में स्थान प्राप्त करने वाली मानसी टंडन सहित दोनों छात्राओं को लैपटॉप प्रदान करना प्रतिभा के सम्मान और बेटियों को आधुनिक तकनीक से जोड़ने की दिशा में महत्वपूर्ण पहल रही।
  आगे की पढ़ाई और कोचिंग का पूरा खर्च मैं उठाऊंगा - गुरु खुशवंत साहेब
 लैपटॉप वितरण के दौरान मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने छात्राओं को आश्वस्त करते हुए कहा कि आगे की पढ़ाई, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी अथवा कोचिंग के लिए उन्हें आर्थिक परेशानियों की चिंता करने की आवश्यकता नहीं है। वे उनकी आगे की पढ़ाई और कोचिंग का पूरा खर्च उठाएंगे।
  लैपटॉप पाकर छात्राओं ने जताया आभार,गुरुजनों का आशीर्वाद लेकर साझा किए अपने लक्ष्य
  मंदिर हसौद क्षेत्र की निवासी छात्राएं मानसी टंडन और धनेश्वरी यादव लैपटॉप प्राप्त कर उत्साहित हो गई। दोनों ने मंच पर उपस्थित गुरुजनों का आशीर्वाद लिया एवं धर्मगुरू बालदास साहेब और गुरु खुशवंत साहेब कैबिनेट मंत्री छत्तीसगढ़ शासन के प्रति आभार व्यक्त किया। छात्राओं ने अपने भविष्य के लक्ष्यों को साझा करते हुए आगे भी पूरी मेहनत, लगन और समर्पण के साथ पढ़ाई करने का संकल्प व्यक्त किया। लैपटॉप मिलने के साथ-साथ आगे की पढ़ाई और कोचिंग का पूरा खर्च उठाने के आश्वासन ने उनके शैक्षणिक सफर को लेकर नई उम्मीद जगाई।
    पूरी विधायक वेतन राशि जरूरतमंदों की सेवा में समर्पित करने का संकल्प
   धर्मगुरू बालदास साहेब के अवतरण दिवस पर मंत्री गुरु खुशवंत साहेब ने आरंग विधानसभा के सर्वसमाज के जरूरतमंद लोगों, गरीब एवं निर्धन कन्याओं और प्रतिभावान विद्यार्थियों की सहायता के लिए अपनी पूरी विधायक वेतन राशि समर्पित करने की घोषणा की। छत्तीसगढ़ शासन में तकनीक शिक्षा एवं कौशल विकास विभाग के कैबिनेट मंत्री के रूप में उनकी इस पहल में शिक्षा, डिजिटल सशक्तीकरण और कौशल विकास से जुड़े सरोकार भी प्रमुखता से सामने आए। लैपटॉप वितरण, पढ़ाई एवं कोचिंग के खर्च की जिम्मेदारी लेने का आश्वासन और नि:शुल्क कोचिंग सेंटर की घोषणा विद्यार्थियों को आगे बढ़ने के अवसर उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम हैं।
   गुरु परंपरा,सामाजिक एकता और जनसेवा का संगम बना सतनामी स्वाभिमान दिवस
   M-3 शासकीय निवास में आयोजित इस कार्यक्रम में प्रदेशभर से समाज के लोगों की बड़ी भागीदारी ने गुरु बालदास साहेब जी के प्रति श्रद्धा और गुरु परंपरा के प्रति सम्मान को अभिव्यक्त किया। आयोजन ने सामाजिक एकता, स्वाभिमान, शिक्षा और मानव सेवा के मूल्यों को आगे बढ़ाने का संदेश दिया। मंत्री गुरु खुशवंत साहेब जी का यह संकल्प समाज की बेटियों को प्रोत्साहित करने, प्रतिभावान विद्यार्थियों को सहयोग देने और जरूरतमंद परिवारों के लिए सहायता के अवसर उपलब्ध कराने की भावना को रेखांकित करता है। इस अवसर पर गुरु माता प्रवीण माता,गुरु सोमेश साहेब,गुरु सौरभ साहेब,गुरु परिवार के सदस्य सहित,जनप्रतिनिधि गण,अधिकारी, कर्मचारी गण,अखिल भारतीय सतनाम सेना,सतनामी समाज,सर्व समाज के लोग बड़ी संख्या में उपस्थित रहें।
    सतनामी स्वाभिमान दिवस का संदेश स्पष्ट है 
 गुरु परंपरा के प्रति श्रद्धा, समाज के प्रति जिम्मेदारी और शिक्षा के माध्यम से नई पीढ़ी के उज्ज्वल भविष्य का निर्माण ही स्वाभिमान की सच्ची अभिव्यक्ति है।

Post a Comment

0 Comments