फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार करने वाले ग्रामीण चिकित्सा सहायक सहित 04 आरोपी गिरफ्तार

फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार करने वाले ग्रामीण चिकित्सा सहायक सहित 04 आरोपी गिरफ्तार
    CMHO के जाली हस्ताक्षर से तैयार किया गया था कूटरचित दस्तावेज, पलारी पुलिस ने की त्वरित कार्रवाई
    बलौदाबाजार (सुघर गांव)। 22 अगस्त 2026, शासकीय दस्तावेजों में कूटरचना,धोखाधड़ी और फर्जीवाड़े के मामले में पलारी पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए ग्रामीण चिकित्सा सहायक सहित 04 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार आरोपियों ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (CMHO), बलौदाबाजार के जाली हस्ताक्षर से फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार कर उसे असली दस्तावेज के रूप में प्रस्तुत किया था। पुलिस अधीक्षक गौरव राय के मार्गदर्शन में की गई इस कार्रवाई में प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहांसी में पदस्थ ग्रामीण चिकित्सा सहायक करण कुमार देवांगन सहित रवि कुमार सेन, पुनीराम पटेल और किशना उर्फ कृष्ण कुमार अवस्थी को गिरफ्तार किया गया है।
  CMHO कार्यालय के नाम से बनाया फर्जी आदेश
जानकारी के अनुसार,सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पलारी के खंड चिकित्सा अधिकारी डॉ.पंकज वर्मा ने पुलिस में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया कि प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र रोहांसी में पदस्थ ग्रामीण चिकित्सा सहायक करण कुमार देवांगन ने CMHO कार्यालय, बलौदाबाजार के नाम से जारी एक स्थानांतरण आदेश प्रस्तुत किया था। आदेश क्रमांक एच.एम./ए.आर./2026-27/1359 दिनांक 14 अगस्त 2026 में करण कुमार देवांगन का स्थानांतरण प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र मोपर,विकासखंड भाटापारा दर्शाया गया था। जांच के दौरान पता चला कि राज्य संवर्ग के कर्मचारियों के स्थानांतरण का अधिकार केवल राज्य शासन के पास है। CMHO कार्यालय से ऐसा कोई आदेश जारी नहीं किया गया था। इसके अलावा आदेश पर अंकित हस्ताक्षर भी पूरी तरह फर्जी और कूटरचित पाए गए।
पार्टी ने कृष्णा अवस्थी महामंत्री, पुनीराम पटेल जिला उपाध्यक्ष को किया पद मुक्त 
आनंद यादव जिलाध्यक्ष भाजपा जिला बलौदा बाजार - भाटापारा ने प्रदेशाध्यक्ष किरणदेव एवं वरिष्ठ भाजपा नेताओं के सहमति से बलौदा बाजार- भाटापारा जिला महामंत्री कृष्णा अवस्थी ग्राम रिसदा (बलौदा बाजार) एवं जिला उपाध्यक्ष पुनी राम पटेल ग्राम (गिरौदपुरी - टुंडरा) को पार्टी के दायित्वों से तत्काल पद मुक्त कर दिया गया हैं।
 पूछताछ में अपराध स्वीकार करने का पुलिस का दावा
 शिकायत की जांच के बाद पलारी थाने में अपराध क्रमांक 347/2026 दर्ज किया गया। पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता की धाराओं 318(4), 336(3), 337, 338, 340(2) और 3(5) के तहत मामला कायम कर विवेचना शुरू की। पुलिस के मुताबिक, पूछताछ में चारों आरोपियों ने एक राय होकर फर्जी स्थानांतरण आदेश तैयार करने और उसे असली दस्तावेज के रूप में प्रस्तुत करने की बात स्वीकार की। इसके बाद सभी आरोपियों को 22 अगस्त 2026 को विधिवत गिरफ्तार कर न्यायालय में पेश करने की प्रक्रिया शुरू की गई। मामले में आगे की वैधानिक कार्रवाई और विवेचना जारी है।
           गिरफ्तार आरोपी गण
1. करण कुमार देवांगन, उम्र 44 वर्ष पिता लहुर साय देवांगन, मंगलम कॉलोनी बलौदाबाजार, चिकित्सा सहायक, PHC रोहांसी।
 2. रवि कुमार सेन, उम्र 43 वर्ष  पिता नूतन लाल सेन, कसडोल वार्ड नं. - 04, सिरपुर रोड ग्राम कटगी, थाना कसडोल।
3. पुनीराम पटेल,उम्र 51 वर्ष  पिता डेरहा राम पटेल, ग्राम गिरौदपुरी,अटल चौक के पास, थाना गिधौरी, पुलिस चौकी गिरौदपुरी।
 4. किशना उर्फ कृष्ण कुमार अवस्थी, उम्र 53 वर्ष पिता स्वर्गीय कुंजराम अवस्थी, ग्राम रिसदा गांधी चौक, थाना सिटी कोतवाली बलौदाबाजार।

Post a Comment

0 Comments