सुभाष टंडन
मस्तूरी/पचपेड़ी क्षेत्र में लगातार हो रही बारिश के चलते लीलागर नदी उफान पर है। नदी का पानी ग्राम केवटडीह टांगर, विद्याडीह टांगर, भरारी एवं बोहारडीह के निचले इलाकों में घुस गया है, जिससे जनजीवन प्रभावित हो गया है। कई घरों और मार्गों में पानी भरने से ग्रामीणों को भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है।
बाढ़ के कारण पचपेड़ी क्षेत्र से जांजगीर जिले को जोड़ने वाले संपर्क मार्ग भी जलमग्न होकर बाधित हो गए हैं, जिससे दोनों जिलों के बीच आवागमन पूरी तरह प्रभावित हो गया है। कई स्थानों पर सड़कें पानी में डूब जाने के कारण लोगों को आवाजाही बंद करनी पड़ी है।
प्रभावित गांवों में ग्रामीणों द्वारा स्थानीय स्तर पर रेस्क्यू कार्य चलाया जा रहा है। लोगों को सुरक्षित स्थानों पर पहुंचाया जा रहा है तथा आवश्यक सामान भी सुरक्षित किया जा रहा है।
स्थिति की गंभीरता को देखते हुए पचपेड़ी पुलिस बल मौके पर तैनात है। पुलिस द्वारा लोगों को नदी और जलमग्न मार्गों से दूर रहने तथा अनावश्यक जोखिम नहीं लेने की समझाइश दी जा रही है। प्रशासन भी लगातार हालात पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त राहत एवं बचाव दल तैनात करने की तैयारी में है।

0 Comments