आरंग विधायक कार्यालय जनदर्शन में आमजन की समस्याओं के त्वरित निराकरण करने मंत्री गुरु खुशवंत साहेब करेंगे सीधी सुनवाई
आरंग (सुघर गांव)। 13 अप्रैल 2026, गुरु खुशवंत साहेब मंत्री कौशल विकास,तकनीकी शिक्षा एवं रोजगार तथा अनुसूचित जाति विकास विभाग छत्तीसगढ़ द्वारा आज दिनांक 13 अप्रैल 2026, दिन सोमवार को आरंग स्थित नेता जी चौक,विधायक कार्यालय में जनदर्शन कार्यक्रम का आयोजन किया जा रहा हैं। यह जनदर्शन कार्यक्रम प्रातः 9:00 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक आयोजित होगा,जिसमें क्षेत्र के आम नागरिक अपनी समस्याएं,मांगें एवं शिकायतें सीधे मंत्री गुरू खुशवंत साहेब के समक्ष प्रस्तुत कर सकेंगे। कार्यक्रम में विभिन्न विभागों के अधिकारी गण उपस्थित रहेंगे,ताकि प्राप्त आवेदनों पर मौके पर ही आवश्यक कार्यवाही करते हुए समस्याओं का त्वरित एवं प्रभावी निराकरण सुनिश्चित किया जा सके। जनदर्शन कार्यक्रम शासन की जन कल्याणकारी सोच का प्रतिबिंब है,जिसके माध्यम से शासन और आमजन के बीच सीधा संवाद स्थापित होता है। यह पहल प्रशासनिक व्यवस्था को और अधिक संवेदनशील,जवाबदेह एवं जनोन्मुख बनाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है। मंत्री द्वारा प्रातः 10:00 बजे से 12:00 बजे तक आम नागरिकों की समस्याओं की व्यक्तिगत रूप से सुनवाई की जाएगी। इसके पूर्व प्रातः 9:00 बजे से पंजीयन प्रक्रिया (नाम,ग्राम एवं समस्या) प्रारंभ कर दी जाएगी,जिससे प्रत्येक आवेदक की समस्या सुव्यवस्थित रूप से दर्ज हो सके। मंत्री ने क्षेत्र के समस्त नागरिकों से अपील की है कि वे अधिक से अधिक संख्या में उपस्थित हो कर अपनी समस्याओं से अवगत कराएं,ताकि उनका समाधान प्राथमिकता के आधार पर किया जा सके।
0 Comments